SGSU Advertisement
Home राजनीति ब्रिटेन दौरे पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी, निवेशकों से की अहम...

ब्रिटेन दौरे पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी, निवेशकों से की अहम मुलाकात

0
3

चंडीगढ़, 29 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्रिटेन दौरे के पहले ही दिन उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने इन बैठकों में हरियाणा की मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना, निवेश की व्यापक संभावनाओं, उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन को प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी शामिल थे।

ब्रिटेन पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत भारत के उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी और उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे ने किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उच्चायुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही ब्रिटेन की कंपनियों और उद्योग समूहों को हरियाणा में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकें और भारत-ब्रिटेन के बीच औद्योगिक सहयोग को और मजबूत बनाया जा सके।

इसके बाद नायब सिंह सैनी ने ब्रिटेन में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने और हरियाणा तथा ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई।

बैठक में दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने और छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी विचार किया गया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रह गया है, बल्कि ऑटोमोबाइल, विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, सेवा क्षेत्र, खेल, शिक्षा और उद्यमिता जैसे कई क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य का मजबूत औद्योगिक माहौल और कुशल कार्यबल निवेशकों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप नीतिगत माहौल तैयार करने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह विदेश दौरा हरियाणा में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों, प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापारिक नेताओं, शैक्षणिक संस्थानों, ब्रिटेन के सांसदों और हरियाणा मूल के भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बैठकें करेंगे।