नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें लंबे समय से पार्टी में उपेक्षा महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि वह मेहनत करने को तैयार हैं, लेकिन किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले सांसद राकेश राठौर ने दावा किया था कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी तैयारियों से कांग्रेस सांसदों को ‘दरकिनार’ कर दिया गया है और दूर रखा जा रहा है, जबकि पार्टी सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी रखे हुए है।
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि अब तक उन्हें 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए सीटों, कार्यक्रमों, उम्मीदवारों, प्रदेश में पार्टी के कामकाज या किसी अन्य मामले को लेकर किसी भी चर्चा में शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा, “लंबे समय से मुझे लग रहा है कि पार्टी मुझे नजरअंदाज कर रही है। अब मुझे क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है, यह मैं समझ नहीं पा रहा हूं। सांसद बनने के बाद मैंने लगातार पार्टी के लिए काम किया है, पूरे उत्तर प्रदेश में घूमा और 100 बड़े कार्यक्रम किए हैं। मैं पार्टी के लिए दिन-रात संघर्ष करता हूं।”
कांग्रेस सांसद राठौर ने कहा कि मेरे क्षेत्र में पार्टी के पदाधिकारी और प्रभारी आते हैं, कार्यक्रम करते हैं और चले जाते हैं, मुझे बताया भी नहीं जाता। हाल ही में एक सज्जन ‘संगठन सृजन’ के नाम पर घूम रहे थे और उन्होंने कहा कि सांसदों को बाहर रखा गया है। इसी वजह से मैं पीछे हट गया। राठौर ने यह भी कहा कि वे सिर्फ भीड़ का हिस्सा बनने को तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “अगर पार्टी सम्मानपूर्वक मुझे काम करने के लिए कहती है, तो मैं उसके लिए तैयार हूं, लेकिन अगर मुझे अपमानित करके पार्टी कहती है कि किसी लाइन में खड़े हो जाओ, तो मैं उसके लिए राजनीति नहीं करता।”
जब उनसे उन खबरों के बारे में पूछा गया, जिनमें कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव में लड़ने के लिए 181 सीटों की मांग की है तो राठौर ने कहा, “ये दिग्गज लोग हैं, उत्तर प्रदेश में इनका व्यापक जनाधार है और उत्तर प्रदेश की हर एक चीज की इन्हें बहुत गहरी समझ है, जातियों की अच्छी समझ समेत लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी है, इसीलिए उन्होंने इतने मजबूत लोगों को शॉर्टलिस्ट किया है।”
उन्होंने कहा कि नैतिक रूप से मुझे लगता है कि उन्हें (कांग्रेस) 200 से ज्यादा (सीटें) मांगनी चाहिए थीं।
राकेश राठौर ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को 200 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा करते सुना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के जिम्मेदार लोगों ने कहा कि 200 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।’ हम तो बहुत छोटे से कार्यकर्ता हैं तो उनके कहने पर हम इस कथन को पत्थर की लकीर मानकर चलेंगे। 200 से ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहिए, उससे नीचे नहीं आना चाहिए।










