Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ओमान के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज ‘विराट 1’ में तकनीकी खराबी,...

ओमान के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज ‘विराट 1’ में तकनीकी खराबी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

0
4

मस्कट, 14 जून (आईएएनएस)। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि उसे ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज ‘विराट 1’ से जुड़ी एक घटना की जानकारी मिली है। इस जहाज पर 14 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ओमान के अधिकारियों और आसपास मौजूद जहाजों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान जारी है।

दूतावास ने एक्स पर जारी बयान में कहा, “भारतीय ध्वज वाले यांत्रिक नौकायन पोत विराट 1 से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है, जो ओमान के तट के पास है और जिस पर 14 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार हैं। ओमान के अधिकारियों और आसपास मौजूद जहाजों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।”

इससे पहले शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के कार्यवाहक राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर फारस की खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों को ले जाने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी नौसेना की कथित हमलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले “अस्वीकार्य हैं और एक संवेदनशील क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।” मंत्रालय ने यह भी कहा कि इन घटनाओं में पहले ही तीन भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो चुकी है।

मंत्रालय के अनुसार, अमेरिकी राजनयिक से कहा गया कि वह भारत की गंभीर चिंताओं को अमेरिकी अधिकारियों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी बल नागरिक जहाजों पर किसी भी प्रकार की जानलेवा कार्रवाई से बचें।

यह हाल के दिनों में दूसरी बार था जब अमेरिकी अधिकारी को भारत ने तलब किया। इससे पहले बुधवार को भी भारत ने ‘सेट्टेबेलो’ नामक जहाज पर हमले और तीन भारतीयों की मौत को लेकर विरोध दर्ज कराया था।

गुरुवार को ओमान में भारतीय दूतावास ने बताया कि ‘एमटी जलवीर’ पर सवार सभी 20 भारतीय चालक दल के सदस्य ओमान के सहयोग से सुरक्षित बचा लिए गए हैं।