अबूजा, 28 नवंबर (आईएएनएस)। नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में भारतीय उच्चायोग को ‘स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। वहीं, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को उसके ऐतिहासिक चंद्रयान-3 मिशन की उपलब्धियों के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र दिया गया।
भारतीय मिशन ने शनिवार को बताया कि यह सम्मान ‘अफ्रीका स्पेस इकोनॉमी, इनोवेशन एंड कम्युनिकेशन कॉन्फ्रेंस’ (एएसईआईसीसी 2026) के दौरान दिया गया, जो 24 से 27 नवंबर तक अबूजा में आयोजित हुई। भारत के नाइजीरिया स्थित उच्चायुक्त अभिषेक सिंह ने भारतीय मिशन की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
नाइजीरिया में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि अबूजा स्थित भारतीय उच्चायोग को एएसईआईसीसी 2026 में स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए इसरो को भी प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
उच्चायोग के अनुसार, यह सम्मान अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भारत की शानदार प्रगति और लगातार बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है। साथ ही यह अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और नवाचार में भारत की मजबूत होती स्थिति को भी उजागर करता है।
मिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और इसरो ने अपनी बेहतरीन क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि आज भारत दुनिया के प्रमुख अंतरिक्ष देशों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
भारत ने 23 अगस्त 2023 को इतिहास रचते हुए चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास कराई थी। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना था। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह क्षेत्र भविष्य के चंद्र अभियानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यहां वॉटर आइस मिलने की संभावना है। चंद्रयान-3 की इस ऐतिहासिक सफलता की याद में भारत हर साल 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाता है।
इस बीच, इसरो अब ऐसी नई तकनीक विकसित करने पर काम कर रहा है जिससे भविष्य के चंद्र लैंडर पहले की तुलना में कहीं ज्यादा समय तक काम कर सकें। जून में इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने बताया था कि संगठन का लक्ष्य लैंडरों की कार्य अवधि को मौजूदा 14 दिनों से बढ़ाकर 100 से 200 दिनों तक ले जाना है।
इसके लिए इसरो, परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य चंद्रमा की रात के दौरान पैदा होने वाली कठिन परिस्थितियों से निपटना है। चंद्रमा की रात में तापमान बहुत नीचे चला जाता है और सौर ऊर्जा उपलब्ध नहीं रहती, जिससे उपकरणों को लंबे समय तक चलाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
वी. नारायणन ने कहा था, “हम कृत्रिम हीटर विकसित करने जा रहे हैं। यदि हम इसमें सफल हो जाते हैं तो भविष्य के चंद्र लैंडर केवल 14 दिनों के बजाय 100 से 200 दिनों तक काम कर सकेंगे।”











