SGSU Advertisement
Home अपराध जेएनयू यौन उत्पीड़न मामला : दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद अकोइजम को...

जेएनयू यौन उत्पीड़न मामला : दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद अकोइजम को पूछताछ के लिए बुलाया

0
8

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के सिलसिले में उन्हें नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए गुरुवार को बुलाया है।

दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को जेएनयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की। अधिकारियों के मुताबिक, यह एफआईआर वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।

एफआईआर में कांग्रेस सांसद और जेएनयू के बर्खास्त प्रोफेसर अकोइजम का नाम शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मई में कम से कम 11 छात्राओं ने अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

शिकायतों में आरोप लगाया गया कि उन्होंने मीटिंग या गैदरिंग के बहाने छात्राओं को कैंपस स्थित अपने आवास पर बुलाया और उनके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने क्लासरूम में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां कीं।

बताया गया है कि उन्हें बर्खास्त करने के यूनिवर्सिटी के फैसले से पहले हुई जांच के दौरान इन आरोपों और शिकायतों की समीक्षा की गई थी।

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस खासकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से सवाल किया है कि उन्होंने अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। साथ ही पूछा है कि क्या विपक्ष के नेता का ‘पितृसत्ता को खत्म करने’ वाला बयान ‘सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी’ है।

इससे पहले 13 अक्टूबर को भाजपा की महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

भाजपा की महिला सांसदों ने राष्ट्रपति का ध्यान कांग्रेस सांसद के खिलाफ गंभीर आरोपों की ओर दिलाया और बताया कि वे सांसद बनने के लायक क्यों नहीं हैं और उन्हें अपने पद से क्यों हट जाना चाहिए।

मुलाकात के बाद, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मु से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वाली छात्राएं सुरक्षित रहें।