सबरीमला सोना चोरी मामला: केरल हाई कोर्ट ने एसआईटी को जांच के लिए दिए दो हफ्ते का अतिरिक्त समय

0
4

कोच्चि, 18 मई (आईएएनएस)। केरल हाई कोर्ट ने सोमवार को सबरीमाला मंदिर के सोने में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को जांच पूरी करने के लिए दो हफ्ते का अतिरिक्त समय दे दिया। कोर्ट ने माना कि मामले में अभी कई जांच बाकी हैं।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार ने राज्य में सत्ता संभाली है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान इस कथित घोटाले को बड़ा मुद्दा बनाया गया था।

जस्टिस राजा विजयराघवन वी. और जस्टिस के.वी. जयकुमार की खंडपीठ ने यह समय बढ़ाया। एसआईटी की ओर से जांच अधिकारी एस. ससीधरन ने कोर्ट में विस्तृत रिपोर्ट पेश की।

एसआईटी ने बताया कि जांच में देरी की बड़ी वजह जमशेदपुर स्थित नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी (सीएसआईआर-एनएमएल) की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के लिए करीब 36 सैंपल वहां भेजे गए हैं।

लैब में सोने की परत और धातुओं की जांच के लिए कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें एक्स-रे फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोस्कोपी, इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा मास स्पेक्ट्रोमेट्री और ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोस्कोपी शामिल हैं।

एसआईटी ने कोर्ट को बताया कि लैब की अंतिम रिपोर्ट अगले 10 दिनों में मिलने की उम्मीद है।

जांच एजेंसी का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि सोने की प्लेटिंग कितनी हुई थी, कितना सोना इस्तेमाल हुआ और कहीं तांबे की प्लेटों की अदला-बदली तो नहीं की गई।

रिपोर्ट में बताया गया कि अब तक 391 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं।

जांच टीम ने सफाई, बफिंग, गोल्ड प्लेटिंग, लेकर कोटिंग और पैकिंग की पूरी प्रक्रिया का विस्तृत रिकॉर्ड भी तैयार किया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच भी जारी है।

हाई कोर्ट ने कहा कि वैज्ञानिक रिपोर्ट इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और सही निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए बेहद जरूरी हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नए मामले दर्ज किए जा सकते हैं और नए आरोपियों की पहचान भी हो सकती है।

अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 जून को होगी।