नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी की जयंती पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने गुरुवार को दिल्ली स्थित ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इंदिरा गांधी को अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक बताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “भारत की ‘लौह महिला’ और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शत-शत नमन। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन न्योछावर कर दिया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव हमारी प्रेरणा बना रहेगा।”
इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे अपनी छोटी उम्र में दादी इंदिरा गांधी के साथ खेलते हुए दिखीं। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा को ‘शेरनी’ बताया और कहा कि ‘आपकी जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।’
कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने लिखा, “भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व की प्रतीक इंदिरा जी ने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण, गरीबों और वंचितों के उत्थान का संकल्प तथा एक सशक्त भारत के निर्माण के लिए उनकी दूरदर्शिता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें नमन किया।
एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने पोस्ट किया, “मुश्किल दौर में देश का नेतृत्व करते हुए इंदिरा गांधी ने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका को दृढ़ता से रखना, देश की सुरक्षा के मुद्दों को संभालना और आर्थिक-सामाजिक नीतियों के माध्यम से देश की प्रगति पर प्रभाव डालना, ये उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण बातें थीं। उनके राजनीतिक सफर से नेतृत्व में साहस, फैसलों के दूरगामी परिणाम और लोकतंत्र में जवाबदेही पर विचार करने का अवसर मिलता है। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि।”


