SGSU Advertisement
Home राजनीति पंपोर के केसर खेतों में कचरा डंपिंग पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, पीडीपी...

पंपोर के केसर खेतों में कचरा डंपिंग पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, पीडीपी प्रमुख ने प्रशासन को घेरा

0
3

श्रीनगर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह पंपोर के बेशकीमती केसर के खेतों को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि का इस्तेमाल नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड (कचरा फेंकने की जगह) के रूप में किया जा रहा है, जिससे लगभग 2,000 कनाल जमीन प्रभावित हुई है और 150 परिवारों की आजीविका खतरे में पड़ गई है।

महबूबा मुफ्ती ने ‘एक्‍स’ पर पोस्ट किया, “पिछले तीन साल से पंपोर के बेशकीमती केसर के खेतों का इस्तेमाल नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड के तौर पर किया जा रहा है। लगभग 2,000 कनाल जमीन बर्बाद हो चुकी है। 150 परिवारों की रोजी-रोटी खतरे में है और चूहे व अन्य कृंतक फसलों को नष्ट कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “यह कश्मीर की केसर विरासत पर एक शर्मनाक हमला है। प्रशासन की ऐसी लापरवाही को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। हमारे केसर के खेत कचरा फेंकने की जगह नहीं हैं। इन्हें बचाया जाना चाहिए, न कि जहरीला बनाया जाना चाहिए।”

खबरों के अनुसार, श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) पंपोर के गैलंधर इलाके का इस्तेमाल शहर के अलग-अलग हिस्सों से लाए गए कचरे को डंप करने के लिए कर रहा है। लगातार कचरा फेंके जाने से उपजाऊ कृषि भूमि के खराब होने की चिंता बढ़ गई है। इसका सीधा असर उन किसानों पर पड़ रहा है, जिनकी आजीविका पूरी तरह से केसर की फसल पर निर्भर है।

पंपोर और कश्मीर के अन्य हिस्सों में केसर की खेती दशकों से लगातार घट रही है। 1990 के दशक में केसर की खेती के तहत आने वाला रकबा 5,707 हेक्टेयर था, जो हाल के वर्षों में घटकर लगभग 3,200-3,715 हेक्टेयर रह गया है। इसके साथ ही केसर के उत्पादन में भी भारी गिरावट आई है।

जलवायु परिवर्तन, अनियमित बारिश, सर्दियों में तापमान का बढ़ना और बर्फबारी में कमी आने से केसर के पौधों में फूल आने और उनके कंदों के विकास पर बुरा असर पड़ा है। कई खेत आज भी बारिश पर निर्भर हैं, जबकि ‘नेशनल सैफरन मिशन’ (राष्ट्रीय केसर मिशन) के तहत बनाई गई सिंचाई सुविधाओं को भी रखरखाव और संचालन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

अतिक्रमण, निर्माण कार्य, कचरा फेंकना और कृषि भूमि का अन्य कार्यों में इस्तेमाल होने से यह संकट और गहरा गया है। किसानों ने यह भी बताया है कि उन्हें अच्छी गुणवत्ता वाले केसर के कंद (बीज) नहीं मिल पा रहे हैं और साथ ही साही जैसे जानवरों द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। 1990 के दशक के आखिर में कश्मीर में लगभग 16 मीट्रिक टन केसर का उत्पादन होता था, लेकिन तब से इसके उत्पादन में काफी उतार-चढ़ाव आने लगे हैं।

खबरों के अनुसार, 2024 और 2025 में लंबे समय तक सूखे की स्थिति रहने के कारण कुछ इलाकों में केसर की पैदावार घटकर सामान्य स्तर के 10 से 30 प्रतिशत तक रह गई है। पंपोर में केसर की खेती पर निर्भर परिवारों की संख्या भी 22,000 से घटकर लगभग 16,000 रह गई है, क्योंकि नई पीढ़ी अब आजीविका के लिए दूसरे विकल्पों की ओर देख रही है।