SGSU Advertisement
Home राजनीति संविधान गौरव दिवस: अमित शाह दिल्ली में, जेपी नड्डा अहमदाबाद और नितिन...

संविधान गौरव दिवस: अमित शाह दिल्ली में, जेपी नड्डा अहमदाबाद और नितिन नवीन पटना में करेंगे कार्यक्रमों में शिरकत

0
2

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय संविधान दिवस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मना रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को अलग-अलग जगह आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3.30 बजे ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 26 नवंबर को ‘राष्ट्रीय संविधान दिवस’ के अवसर पर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शहर के सभी सांसदों और आमंत्रित बुद्धिजीवियों की मौजूदगी में सभा को संबोधित करेंगी।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे सबसे पहले दोपहर 3.55 बजे सारंगपुर में बाबासाहेब बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद, शाम 4.30 बजे वे पालड़ी स्थित टैगोर हॉल में ‘संविधान दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को पटना में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह में शामिल होंगे। नितिन नवीन पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। वहां वे संविधान के महत्व और इसके मुख्य निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की विरासत पर प्रकाश डालेंगे।

ये कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहे हैं, जब राजनीतिक दल 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मना रहे हैं। यह दिन 1949 में संविधान सभा की ओर से भारत के संविधान को अपनाए जाने की याद दिलाता है। भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।

उधर, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ मार्च में शामिल होने के लिए गुरुवार को बेतिया पहुंचेंगे।

बता दें कि भारत में हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था, जो 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। इस ऐतिहासिक दिन (26 नवंबर) को संविधान दिवस के रूप में मनाने के लिए भारत सरकार ने 19 नवंबर 2015 को अधिसूचित किया था।