रियाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने शनिवार तड़के कहा कि उसने हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब की राजधानी रियाद की ओर दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच रास्ते में नष्ट कर दिया।
शनिवार सुबह रियाद में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर सुरक्षा संबंधी अलर्ट भी भेजे गए थे। बाद में इन अलर्ट को हटा लिया गया।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, गठबंधन ने बतया कि हूती समूह की ओर से सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र की ओर भेजे गए एक ड्रोन को भी मार गिराया गया।
दूसरी ओर, हूती-नियंत्रित अल-मसीराह टीवी ने शुक्रवार को दावा किया कि पिछले 24 घंटों में यमन के अलग-अलग हिस्सों में सऊदी अरब से जुड़े हवाई हमलों में कम से कम 41 लोगों की मौत हुई। मरने वालों में 11 बच्चे और 7 महिलाएं शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 28 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि हमले किन इलाकों में हुए, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और सऊदी अधिकारियों की ओर से इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
इसी बीच, शुक्रवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने एक बयान में कहा कि समूह ने सऊदी अरब के जाजान क्षेत्र में स्थित अल-शुकैक बिजली संयंत्र और जाजान बंदरगाह को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि हमलों में सीधे और सटीक निशाने लगे तथा भारी नुकसान हुआ। हालांकि इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
सारेया ने कहा कि ये हमले यमन के उत्तरी सादा प्रांत, लाल सागर किनारे स्थित मोखा शहर और होदेइदाह बंदरगाह पर कथित सऊदी हमलों के जवाब में किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यमन के बंदरगाहों या बिजली संयंत्रों पर और हमले किए गए, तो सऊदी अरब की समान सुविधाओं पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई लगातार तेज होती जा रही है। दोनों पक्ष कई मोर्चों पर एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं।
हाल के दिनों में हूती समूह ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, तेल सुविधाओं और अन्य रणनीतिक ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने के कई दावे किए हैं। वहीं, हूती मीडिया का कहना है कि सऊदी अरब ने यमन के रिहायशी इलाकों और बुनियादी ढांचे पर अपने हवाई हमले और तेज कर दिए हैं।









