SGSU Advertisement
Home राजनीति आरएसएस से जुड़े कार्यक्रम में एक्टर मोहनलाल बोले, युवाओं में राष्ट्रीय चेतना...

आरएसएस से जुड़े कार्यक्रम में एक्टर मोहनलाल बोले, युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने पर दिया जोर

0
2

कोझिकोड, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने सोमवार को युवा पीढ़ी तक देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना पहुंचाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ये केवल नारे नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति हैं। वे यहां राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े एक प्रकाशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

अभिनेता ने कोझिकोड के केसरी भवन में ‘मातंगी मल्टीमीडिया रिकॉर्डिंग स्टूडियो’ का उद्घाटन किया। यह स्टूडियो आरएसएस से जुड़े साप्ताहिक प्रकाशन ‘केसरी’ की देखरेख में स्थापित किया गया है।

संघ से जुड़े प्रकाशन के कार्यक्रम में मोहनलाल की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा, खासकर इसलिए क्योंकि उन्होंने इस मंच का इस्तेमाल युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने के महत्व पर जोर देने के लिए किया।

अपने फ‍िल्मी करियर को याद करते हुए अनुभवी अभिनेता ने बताया कि उन्होंने देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव पर आधारित कई फ‍िल्मों में काम किया है। इनमें खासतौर पर सेना से जुड़ी फ‍िल्में शामिल थीं, जिनके लिए उन्हें अग्रिम चौकियों और सीमावर्ती इलाकों तक जाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि इन दौरों की बदौलत उन्हें देशभक्ति की भावना को किताबों में पढ़ने के बजाय खुद अपनी आंखों से देखने का अनुभव मिला।

मोहनलाल ने कहा, “हम सुरक्षित रह पाते हैं, क्योंकि हमारे सैनिक सीमाओं पर पहरा देते हैं। मैंने अक्सर महसूस किया है कि इन सैनिकों की धड़कनों में सच्ची देशभक्ति देखी जा सकती है।”

देशभक्ति के विषय पर आधारित अपने मौजूदा प्रोजेक्ट ‘ऑपरेशन गंगा’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने काम के जरिए ऐसे मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

फ‍िल्म उद्योग में पांच दशक पूरे कर चुके मोहनलाल ने यह भी बताया कि कैसे तकनीकी बदलावों ने सिनेमा का स्वरूप बदल दिया है। उन्होंने कहा कि कलात्मक अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और नवाचार का मिश्रण है।

उनके मुताबिक आधुनिक तकनीक ने भारत के महाकाव्यों और पौराणिक कथाओं को नए सिरे से पेश करने के लिए नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि हाल ही में शुरू हुआ यह स्टूडियो बेहतरीन रचनात्मक कार्यों का केंद्र बनेगा।