कीर स्टार्मर के खिलाफ बढ़ी बगावत, नेतृत्व चुनौती पर पीएम बोले- ‘लेबर पार्टी में फैल जाएगी अराजकता’

0
5

लंदन, 14 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्थानीय चुनावों में खराब नतीजों के बाद सत्ता पर मंडराते खतरे के बीच बगावत करने वाले नेताओं को कड़ी चेतावनी दी है। कीर स्टार्मर ने कहा है कि उनके खिलाफ नेतृत्व की चुनौती लेबर पार्टी को ‘अराजकता’ में धकेल देगी।

दरअसल, लेबर पार्टी के खराब स्थानीय चुनाव परिणामों के बाद प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को बदलने की संभावित कोशिशों को लेकर अटकलें तेज हैं। लेबर पार्टी के भीतर बढ़ती अशांति के बीच बोलते हुए स्टार्मर ने मंत्रियों से आग्रह किया कि वे पार्टी को और अस्थिर न करें।

यह चेतावनी तब आई, जब ब्रिटिश मीडिया ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग इस्तीफा देकर गुरुवार सुबह ही नेतृत्व चुनौती पेश करने पर विचार कर रहे हैं। वहीं, समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने एक रिपोर्ट में बताया कि उन्हें उम्मीदवार सहित लेबर पार्टी के 81 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।

संसद के औपचारिक उद्घाटन से पहले बुधवार सुबह वेस स्ट्रीटिंग को 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रवेश करते देखा गया, हालांकि वह 20 मिनट से भी कम समय बाद वहां से निकल गए।

पिछले सप्ताह हुए स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद स्टार्मर पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कई मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया, जबकि कुछ कैबिनेट मंत्रियों ने सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री के समर्थन की पुष्टि की।

इस बीच, लेबर से जुड़े 11 यूनियनों ने संयुक्त बयान जारी कर पार्टी से नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी करने को कहा। बयान में कहा गया, “यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री अगले चुनाव में लेबर पार्टी का नेतृत्व नहीं करेंगे। किसी समय नए नेता के चुनाव की योजना बनानी होगी।”

उधर, स्कॉटिश नेशनल पार्टी ने भी स्टार्मर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की धमकी दी है। पार्टी का कहना है कि नेतृत्व का यह तमाशा अब ज्यादा देर तक नहीं चल सकता।

इससे पहले, ब्रिटेन के राजा चार्ल्स-तृतीय ने ‘किंग्स स्पीच’ दी, जिसमें उन्होंने नए संसदीय सत्र के लिए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के विधायी एजेंडे की रूपरेखा पेश की। हालांकि, लेबर पार्टी के अंदर बढ़ते संकट और स्टार्मर के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों ने सरकार की नीतिगत योजनाओं को पीछे छोड़ दिया।