वॉशिंगटन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना ने आयोवा स्थित एक गोला-बारूद संयंत्र में रखे खराब हो चुके विस्फोटकों को नष्ट करने की योजना बनाई है। इस प्रक्रिया के तहत बुधवार को नियंत्रित विस्फोट किया जाएगा। संभावित जोखिम को देखते हुए आसपास के निवासियों को अस्थायी रूप से क्षेत्र खाली करने की सलाह दी गई है।
मिडलटाउन स्थित आयोवा आर्मी एम्युनिशन प्लांट में यह अभियान स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे शुरू होने की संभावना है, हालांकि यह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। सेना का कहना है कि नियंत्रित विस्फोट से खराब हो चुकी विस्फोटक सामग्री के अचानक फटने के खतरे को कम किया जा सकेगा।
संघीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने मिडलटाउन और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों के अस्थायी पुनर्वास में सहयोग शुरू कर दिया है। सेना की सलाह के अनुसार, संयंत्र से दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगभग पांच मील के दायरे तक के क्षेत्र को खाली कराया जाएगा।
प्रभावित लोगों के लिए परिवहन, भोजन और अस्थायी आवास की व्यवस्था शुक्रवार तक की गई है। क्षेत्र छोड़ने वाले निवासियों को वापस लौटने से पहले फोन पर सुरक्षा संबंधी अनुमति दी जाएगी।
इलिनॉय से डेमोक्रेटिक सीनेटर डिक डर्बिन ने मंगलवार को ट्रंप प्रशासन से सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन टीम तत्काल तैनात करने की मांग की। उनके कार्यालय के अनुसार, जिस सामग्री का निस्तारण किया जाना है, उसमें लगभग 9,700 पाउंड लेड एजाइड शामिल है।
लेड एजाइड एक अत्यंत संवेदनशील और शक्तिशाली प्राथमिक विस्फोटक है। इसका उपयोग डेटोनेटर और ब्लास्टिंग कैप्स में, सैन्य गोला-बारूद और मिसाइल प्रणालियों में, खनन और नियंत्रित विस्फोटों में और बड़े विस्फोटकों को सक्रिय करने के लिए शुरुआती विस्फोटक के रूप में किया जाता है।
डर्बिन ने यह भी मांग की कि कार्रवाई से पहले संघीय अधिकारी राज्य और क्षेत्रीय स्वास्थ्य तथा पर्यावरण एजेंसियों के साथ समन्वय करें।
उन्होंने कहा, “कम से कम हवा की दिशा और प्रदूषण के प्रभाव की निगरानी से यह पता चल सकेगा कि किन क्षेत्रों में जोखिम कम करने के उपायों की जरूरत होगी।”
अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी ने खराब हो चुके लेड एज़ाइड से भरे 68 ड्रमों के निस्तारण के लिए आपातकालीन अनुमति जारी की है। एजेंसी के अनुसार, रासायनिक बदलावों के कारण यह सामग्री घर्षण और झटकों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो गई है, जिससे स्वतः विस्फोट का खतरा पैदा हो गया है।
सेना ने निष्कर्ष निकाला कि इन विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से न तो संभाला जा सकता है और न ही कहीं और ले जाया जा सकता है। इसलिए इन्हें उसी स्थान पर नष्ट करना आवश्यक है।
परमिट की शर्तों के तहत विस्फोट से पहले सार्वजनिक सूचना जारी करना, विस्फोट से पहले और बाद में निगरानी व नमूना परीक्षण, प्रदूषित क्षेत्रों की सफाई तथा एजेंसी को रिपोर्ट सौंपना अनिवार्य होगा। सेना ने चेतावनी दी है कि विस्फोट के बाद सीसा (लेड) युक्त धूल आसपास की सतहों पर जम सकती है और लोग सांस या संपर्क के माध्यम से इसके संपर्क में आ सकते हैं।
संघीय अधिकारी विस्फोट के बाद नमूने एकत्र कर जांच करेंगे और परिणाम सार्वजनिक करेंगे। सेना ने कहा कि सुरक्षा उपायों के तहत रेत की बाधाएं, पानी और फोम का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि धूल और कणों के प्रसार को कम किया जा सके।









