वाशिंगटन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। एयरबीएनबी मेहमानों और मेजबानों के बीच रोजाना लगभग 80,000 लेन-देन को संभालने के लिए चीनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल का उपयोग करता है। वहीं, डोरडैश का अनुमान है कि ऐसे एक मॉडल को बदलने में छह महीने लग सकते हैं। शुक्रवार को अमेरिकी हाउस की दो समितियों ने इन कंपनियों के अनुभवों का हवाला देते हुए एक रिपोर्ट में चेतावनी दी कि अमेरिकी व्यवसायों के चीन के एआई पर निर्भर होने का खतरा है।
चीन पर बनी हाउस सिलेक्ट कमेटी के अध्यक्ष जॉन मूलनेर और हाउस होमलैंड सिक्योरिटी कमेटी के अध्यक्ष एंड्रयू गारबारिनो ने अमेरिकी मॉडल विकसित करने के लिए एक राष्ट्रीय प्रयास का आह्वान किया, जिन्हें कंपनियां डाउनलोड कर सकें और अपनी जरूरत के हिसाब से ढाल सकें। इन दोनों नेताओं ने कहा कि अमेरिकी डेवलपर्स अभी तक ऐसा कोई विकल्प पेश नहीं कर पाए, जो कीमत, परफॉर्मेंस और फ्लेक्सिबिलिटी के मेल से मेल खाता हो और बिजनेस को चीनी मॉडलों की ओर आकर्षित करे।
एयरबीएनबी ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह अमेरिका स्थित सर्वर पर अलीबाबा के ‘क्वेन’ मॉडल के कस्टमाइज्ड वर्जन चलाता है। इनमें से एक मॉडल मेहमानों और मेजबानों के लिए एआई असिस्टेंट का काम करता है। दूसरा मॉडल हर दिन लगभग 2,50,000 कस्टमर सपोर्ट मामलों और कॉल्स का सारांश तैयार करता है।
एयरबीएनबी और डोरडैश दोनों ने कहा कि उनका किसी चीनी मॉडल डेवलपर के साथ कोई व्यावसायिक समझौता नहीं है और न ही उन्होंने किसी भी डेवलपर को कोई भुगतान किया है।
हालांकि, कमेटियों ने कहा कि अमेरिका के भीतर इन मॉडलों को चलाने से उपयोगकर्ता का डेटा सीधे चीन भेजे जाने का जोखिम काफी कम हो जाता है। इसका यह भी मतलब है कि खर्च के आंकड़ों से यह पता लगाना मुश्किल है कि इस तकनीक का कितना व्यापक उपयोग हो रहा है।
डोरडैश ने बताया कि उसके इंजीनियरों ने कम से कम छह चीनी डेवलपर्स के मॉडल डाउनलोड किए हैं या उनका मूल्यांकन किया है। कंपनी ने 25 चीनी मॉडल परिवारों को मंजूरी दी और लागू किया, जिनमें से प्रत्येक की कंप्यूटिंग और परिचालन लागत कम से कम 5,000 डॉलर तक पहुंच गई। छह महीने का अनुमान एक ऐसे मॉडल के लिए है, जो एक बड़े सिस्टम का हिस्सा है। डोरडैश ने कहा कि वह अपने बाकी अधिकांश उपयोगों को लगभग तुरंत बदल सकती है।
‘कर्सर’ कोडिंग प्लेटफॉर्म बनाने वाली कंपनी ‘एनीस्फीयर’ में, चीनी तकनीक का इस्तेमाल कंपनी के अपने नाम से बेचे जाने वाले एक उत्पाद में किया गया था। एनीस्फीयर ने अपना प्रमुख ‘कंपोजर 2’ मॉडल, चीन की ‘मूनशॉट एआई’ के एक बेस मॉडल पर तैयार किया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस बात का पता तब चला जब एक स्वतंत्र डेवलपर ने उस मूल मॉडल की पहचान की।
कमेटियों ने चीनी सैन्य खरीद रिकॉर्ड की भी जांच की। जुलाई में ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ की साइबर ट्रेनिंग सुविधा के लिए निकाले गए एक टेंडर में ‘डीपसीक’ को शामिल करने की शर्त रखी गई थी। एक अन्य सैन्य प्रोजेक्ट में चार चीनी डेवलपर्स के मॉडल का इस्तेमाल करने की बात कही गई थी, जिन्हें इंटरनेट से कटे हुए नेटवर्क पर चलाया जाना था। कमेटियों ने बताया कि इनमें से कुछ मॉडल परिवार अमेरिका की बड़ी कंपनियों में भी इस्तेमाल हो रहे हैं।
फेडरल जांच का हवाला देते हुए कमेटियों ने कहा कि चीन के प्रमुख डेवलपर्स ने फर्जी खातों और प्रॉक्सी नेटवर्क का इस्तेमाल करके अमेरिका के बेहतरीन एआई सिस्टम से रिस्पॉन्स जुटाए हैं, ताकि वे उनकी क्षमताओं की नकल कर सकें। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों की बिक्री की भी जांच करने की मांग की, जो चीनी एआई लैब को ‘लेबल किया हुआ’ ट्रेनिंग डेटा सप्लाई करती हैं।
कमेटी अध्यक्षों ने वाशिंगटन से आग्रह किया कि चीन में विकसित मॉडलों को संघीय अनुबंधों और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े उच्च-जोखिम वाले कार्यों से दूर रखा जाए। उन्होंने ‘एआई बिल ऑफ मैटेरियल्स’ (का प्रस्ताव भी दिया, ताकि खरीदार यह जान सकें कि किसी उत्पाद के पीछे कौन-सा मॉडल है और वह कहां से आया है।
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) का जिक्र करते हुए अध्यक्षों ने लिखा, “हमें यह पता लगाने के लिए पांच साल तक इंतजार नहीं करना चाहिए कि दुनिया का एक बड़ा हिस्सा और खुद अमेरिका का भी काफी बड़ा हिस्सा सीसीपी की ओर से तैयार एआई पर चल रहा है। ऐसी स्थिति में नीति-निर्माताओं के पास ‘सब कुछ हटाकर नया लगाने’ के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा, जो बहुत खर्चीला होगा।”
‘ओपन-वेट’ मॉडल यूजर्स को उन न्यूमेरिकल वैल्यूज का एक्सेस देते हैं, जो सिस्टम ट्रेनिंग के दौरान सीखता है। कोई भी कंपनी उन वैल्यूज को डाउनलोड कर सकती है, मॉडल को अपने डेटा के हिसाब से ढाल सकती है और उसे अपने नियंत्रण वाले सर्वर पर चला सकती है। एक बार डाउनलोड हो जाने के बाद मॉडल का इस्तेमाल तब भी जारी रखा जा सकता है, जब उसका डेवलपर बाद में नए वर्जन तक पहुंचने की शर्तें बदल दे।
कमेटियों ने अप्रैल में एयरबीएनबी और एनीस्फीयर को पत्र लिखकर अपनी जांच शुरू की थी। जुलाई में इसमें डोरडैश को भी शामिल कर लिया। इन तीनों कंपनियों ने दस्तावेज उपलब्ध कराए और समिति के कर्मचारियों को पूरी जानकारी दी।









