SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय यमन में हाईवे पर नागरिक वाहनों पर हमला, छह की मौत, कई...

यमन में हाईवे पर नागरिक वाहनों पर हमला, छह की मौत, कई लोग घायल

0
1

सना, 23 नवंबर (आईएएनएस)। यमन के दक्षिणी लाहज प्रांत में सोमवार को एक बड़े हाईवे पर नागरिक वाहनों पर हुए भारी हमले में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद हमले की जिम्मेदारी लेते हुए देश के दो विरोधी पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

एक स्थानीय अधिकारी ने समाचार एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि लाहज प्रांत के अल-मकतिराह जिले के ‘माबाक’ इलाके में कई नागरिक वाहनों को निशाना बनाया गया। हमले की चपेट में यात्री बसें और माल ढोने वाले ट्रक भी आए। यह इलाका राजधानी सना से करीब 337 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।

अधिकारी के अनुसार, हमले में कम से कम छह यात्रियों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए हैं। चार वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि कई अन्य को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि हमले के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन वाले लाहज प्रांत के स्थानीय प्रशासन ने इस हमले के लिए हूती समूह को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि हूती लड़ाकों ने अल-मकतिराह जिले में यात्री बसों और मालवाहक ट्रकों पर गोलाबारी की।

प्रांतीय प्रशासन ने एक आधिकारिक बयान में घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बच्चों, आम नागरिकों और जरूरी परिवहन साधनों को निशाना बनाना ‘युद्ध अपराध’ है। यह सड़क कई प्रांतों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।

वहीं, हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने हूती समर्थित अल-मसीरा टीवी पर प्रसारित एक बयान में दावा किया कि सोमवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने माबक इलाके में यात्री बसों और मालवाहक वाहनों पर आठ हवाई हमले किए। सारेया ने चेतावनी दी कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा और दोषियों को इसकी सजा मिलेगी।

‘माबाक’ इलाका सरकारी सेना और हूती लड़ाकों के बीच सक्रिय सैन्य संपर्क रेखा पर स्थित है। हालांकि हाल के हफ्तों में दोनों पक्षों ने आम लोगों को इस रास्ते से आने-जाने की अनुमति दी हुई थी।

गौरतलब है कि यमन साल 2014 के अंत से गृहयुद्ध की चपेट में है। उस समय हूती बलों ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद 2015 में अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने हस्तक्षेप किया था।