Sunday, August 2, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय हांगकांग में पीएलए की 99वीं वर्षगांठ पर भव्य समारोह

हांगकांग में पीएलए की 99वीं वर्षगांठ पर भव्य समारोह

0
3

बीजिंग, 2 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की हांगकांग गैरीसन ने शुक्रवार को हांगकांग के न्गोंग शुएन चाउ नेवल बेस में एक स्वागत समारोह आयोजित किया। इस दौरान पीएलए की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ मनाई गई।

समारोह में चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (सीपीपीसीसी) के उपाध्यक्ष लेउंग चुन यिंग, हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र के प्रमुख प्रशासक जॉन ली का चिउ, केंद्र सरकार के हांगकांग कार्यालय के निदेशक चोउ ची, हांगकांग राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय के प्रमुख तोंग चिंगवेई, विदेश मंत्रालय के हांगकांग कार्यालय के आयुक्त छ्वेई च्येनछुन और पीएलए हांगकांग गैरीसन के राजनीतिक कमिसर लाई रुशिंग समेत कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे।

शाम 5 बजे शुरू हुए इस समारोह में सभी ने पीएलए का मार्च गान गाया। इसके बाद लाई रुशिंग ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 105वीं, पीएलए की 99वीं और रेड आर्मी की लांग मार्च की विजय की 90वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएलए के सैनिक पार्टी के आदेशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे, अपनी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे, प्रशिक्षण को और मजबूत बनाएंगे तथा हांगकांग की दीर्घकालिक समृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।

इसके बाद हांगकांग के प्रमुख प्रशासक जॉन ली का चिउ ने पीएलए के सैनिकों को बधाई दी और हांगकांग के विकास तथा स्थिरता में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही समारोह में पीएलए के सैनिकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस समारोह में हांगकांग सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों के प्रमुखों, चीनी उद्यमों के प्रतिनिधियों, विधायी परिषद के सदस्यों, सामुदायिक नेताओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों सहित लगभग 400 लोगों ने भाग लिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)