SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‘हम एक रहेंगे, तो देश का उद्धार होगा’, पठानकोट में पंडित धीरेंद्र...

‘हम एक रहेंगे, तो देश का उद्धार होगा’, पठानकोट में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एकता का संदेश

0
1

पठानकोट, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के पठानकोट और पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव का बयान सुना नहीं है और वह नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते, क्योंकि वह साधु हैं।

पठानकोट में तीन दिवसीय कथा समागम के लिए पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पत्रकारों ने अखिलेश यादव के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर पठानकोट से पाकिस्तान की दूरी का जिक्र करते हुए धीरेंद्र शास्त्री पर तंज कसा था।

इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “हमने ये सुना नहीं है और हम तो भारत वाले हैं। और हम उनको इसलिए प्रतिक्रिया नहीं देंगे क्योंकि हम साधु हैं, नेताओं पर हम कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।”

पंजाब में अपने प्रवास के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और धर्मांतरण के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह पंजाब में कथा के माध्यम से सनातन संस्कृति और एकता का संदेश लेकर आते रहते हैं। सभी लोगों को एकजुट रहना चाहिए और आपसी भेदभाव दूर कर भाइयों की तरह रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम सब एकजुट रहेंगे, एक रहेंगे तो देश का उद्धार होगा, संस्कृति का उद्धार होगा, परंपराओं का उद्धार होगा। परंपराएं बढ़ेंगी। सौहार्द, प्रेम, देखो… हमारे सनातन का नारा है। उसी को लेकर आज पुनः तीन दिवसीय कथा के लिए हम पठानकोट आए हैं।”

धर्मांतरण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उन्होंने पहले भी धर्मांतरण रोकने को लेकर बात की थी और पठानकोट में भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने लोगों से धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाने और जागरूक होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी को लालच देकर या लोभ देकर धर्मांतरण नहीं होना चाहिए। हिंदू और सिख दो नहीं, बल्कि एक हैं। उन्होंने कहा कि गुरुओं की महिमा, गुरु परंपरा और गुरु ग्रंथ साहब की महिमा बनी रहे, यही उनका संदेश है। किसी को उनकी बातों से बुरा लगा है तो यह उसका निजी मत है।

पंजाब में नशे की समस्या और नशा मुक्ति के उपायों पर पूछे गए सवाल के जवाब में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अध्यात्म को रास्ता बताया। उन्होंने कहा कि अध्यात्म व्यक्ति को विश्वास, प्रेरणा और आत्मबोध की ओर ले जाता है और नशा मुक्ति में मददगार हो सकता है।