आईआईटी मद्रास छात्रों के आइडिया को बाजार तक पहुंचाने में निभा रहा बड़ी भूमिका : जयंत चौधरी

    0
    4

    नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मंगलवार को कहा कि आईआईटी मद्रास छात्रों को आइडिया को बाजार तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। इनके द्वारा समर्थन और फंडिंग प्राप्त स्टार्टअप इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) लाने में सफल हुए हैं।

    राष्ट्रीय राजधानी में आईआईटी मद्रास के एक कार्यक्रम में चौधरी ने कहा कि ‘बिल्डिंग्स फॉर भारत’ थीम पर उद्योग जगत के दानदाता और एजुकेशन सिस्टम से जुड़े लोग आईआईटी में समाज की भलाई के लिए विकसित हो रही टेक्नोलॉजी को दुनिया तक पहुंचाने के लिए एकत्रित हुए हैं। इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए भारत इनोवेट्स 2026 भी एक ग्लोबल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। इसके तहत आने वाले दिन में फ्रांस में एक बड़ा आयोजन होने वाला है।”

    उन्होंने आगे कहा कि आज यहां सर्कुलर इकोनॉमी और हेल्थ सेक्टर से जुड़े हुए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन हुआ है। यहां एग्जिबिशन में आप ब्रेन मैपिंग से लेकर मॉलिक्यूलर टेस्टिंग, मैपिंग से लेकर स्पोर्ट्स साइंस तक के एप्लीकेशन हैं।

    साथ ही उन्होंने इनोवेशन को बढ़ाने के लिए आईआईटी मद्रास का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ने छात्रों को आइडिया को बाजार तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है और फंडिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और अन्य चीजों में संस्था द्वारा छात्रों को लगातार मदद की जा रही है। इस कारण आईआईटी मद्रास के सपोर्ट वाले कई स्टार्टअप आईपीओ भी लाने में सफल हुए हैं।

    वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अनुसंधान केवल पीएचडी शोध प्रबंधों और अकादमिक प्रकाशनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे ऐसे ठोस नवाचार होने चाहिए जिनसे समाज को लाभ हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न पहलों के माध्यम से उद्योग, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों को सहयोग देने के लिए अनुसंधान और विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।

    भारत इनोवेट्स 2026, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसे भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार (पीएसए) कार्यालय के रणनीतिक मार्गदर्शन और सुझावों के साथ शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों/उच्च शिक्षा संस्थानों में विकसित हो रही अनुसंधान एवं विकास समर्थित टेक्नोलॉजी इनोवेशन क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना है।

    फ्रांस में आयोजित होने वाली इस पहल का लक्ष्य विकास के विभिन्न चरणों में लगभग 100 आशाजनक और अभूतपूर्व टेक्नोलॉजी इनोवेशंस को उद्योग जगत के लोगों, निवेशकों, नीति निर्माताओं, संभावित सहयोगियों और प्रौद्योगिकी भागीदारों सहित वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करना है।