SGSU Advertisement
Home राजनीति इंडिया ब्लॉक पूरी तरह एकजुट, भाजपा पहले अपना कुनबा संभाले: आनंद दुबे

इंडिया ब्लॉक पूरी तरह एकजुट, भाजपा पहले अपना कुनबा संभाले: आनंद दुबे

0
3

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा द्वारा इंडिया ब्लॉक की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के शामिल नहीं होने का मुद्दा उठाए जाने के बाद पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने कुनबे को संभालने की जरूरत है। हमारे नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 अक्टूबर को यहां पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हम एक बड़ा मोर्चा निकाल रहे हैं, इसकी तैयारी को लेकर वे दिल्ली नहीं जा पाए।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में आनंद दुबे ने कहा कि शिंदे सेना क्या कहती है, हमें उस पर नहीं जाना है। हम सभी एक हैं। चुनाव आयोग के खिलाफ बहुत बड़ी मुहिम चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एनडीए में तो कोई मीटिंग नहीं होती, हमारे यहां तो मीटिंग भी होती है। हमारे यहां सब कुछ ठीक है। टीडीपी और चिराग पासवान के बयान देखिए। भाजपा को पहले अपना कुनबा संभालना चाहिए।

इंडिया ब्लॉक की बैठक में राहुल गांधी के बयान पर दुबे ने कहा कि उन्होंने इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में यही कहा है कि विपक्षी समूहों के प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे, क्योंकि जिस प्रकार आज देश के सामने चुनाव आयोग को लेकर एक संकट है, जिस चुनाव आयोग को निष्पक्ष होना चाहिए, वह एक प्रकार की किसी दल की कठपुतली बनकर रह गया है। यह सामूहिक लड़ाई है और इसमें जो-जो आज लड़ रहा है, वे सब याद किए जाएंगे।

आनंद दुबे ने कहा कि जो नहीं लड़ पा रहा है, उसको इतिहास कभी माफ नहीं करेगा। सभी दलों को लड़ना चाहिए, क्योंकि बार-बार चुनाव आयोग पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। हमें लगता है कि बहुत बड़ी बहस और संवाद की जरूरत है।

पंजाब में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर आनंद दुबे ने कहा कि 12 साल से केंद्र में एनडीए सरकार है। सरकार को नशा मुक्त करने के लिए कितना समय चाहिए। पंजाब में चुनाव है, इसीलिए वे ऐसा बयान दे रहे हैं। पूरी ताकत झोंकनी होगी, तभी नशा मुक्त होगा।

कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा फ्लाईदुबई की उड़ान में सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने पर उन्होंने कहा कि हम बहुत गर्व महसूस करते हैं कि स्मित मच्छार ने जिस जांबाजी से घायल होने के बाद भी इतने बड़े विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई और उसे बचाया। ट्रंप हों चाहे नेतन्याहू, सब उनकी तारीफ कर रहे हैं। यही भारत है। भारत दुनिया को बचाता है, भारत दुनिया को दिशा देता है।