SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, चीन से कहीं बेहतर...

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, चीन से कहीं बेहतर ग्रोथ की क्षमता: अर्थशास्त्री

0
2

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, भू-राजनीतिक तनाव और महंगाई के दबाव के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में बनी हुई है। अर्थशास्त्रियों ने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भारत की विकास यात्रा न केवल स्थिर बनी हुई है, बल्कि आने वाले वर्षों में यह चीन की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। उन्होंने बुनियादी ढांचे में निवेश, मजबूत कर संग्रह, डिजिटल परिवर्तन और उभरते क्षेत्रों में अवसरों को भारत की आर्थिक मजबूती की प्रमुख वजह बताया।

आईएएनएस से बातचीत में अर्थशास्त्री ए.पी. शुक्ला ने कहा कि भारत की जीडीपी वृद्धि केवल किसी एक क्षेत्र की वजह से नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था के विभिन्न हिस्सों के संयुक्त प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जीएसटी संग्रह, प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों की वसूली तथा कॉरपोरेट नतीजे लगातार सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियों के बावजूद भारतीय कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है, जो अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।

शुक्ला ने कहा, “फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती महंगाई और कच्चे तेल की कीमतें हैं। क्रूड ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन लागत और वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है, जिससे आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ता है। हालांकि महंगाई को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश आर्थिक मोर्चों पर भारत का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है।”

उन्होंने विदेशी निवेशकों (एफआईआई) से जुड़े मुद्दों की ओर भी इशारा किया और कहा कि सरकार तथा वित्त मंत्रालय इन चिंताओं के समाधान पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आगामी बजट में सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (एसटीटी), लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स और विदेशी निवेशकों की अन्य प्रमुख चिंताओं पर सकारात्मक कदम उठाए जाते हैं, तो भारत की विकास दर मौजूदा अनुमानों से भी बेहतर हो सकती है।

भारत और चीन की आर्थिक वृद्धि की तुलना पर ए.पी. शुक्ला ने कहा कि मौजूदा अनुमानों के अनुसार भारत की विकास दर 7 प्रतिशत से अधिक है, जबकि चीन की वृद्धि दर 4 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि भारत इस समय चीन की तुलना में लगभग दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा है और यदि निवेश तथा औद्योगिक प्रोत्साहन जारी रहे तो यह बढ़त आगे और मजबूत हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) क्षेत्र और ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में उठाए गए कदम भविष्य में आर्थिक वृद्धि को और गति दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि सरकार ईवी निर्माण और खरीद को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देती है तो इसका सकारात्मक असर उद्योग और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ेगा।

वहीं अर्थशास्त्री पंकज जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि 2027 के लिए भारत की 7.2 प्रतिशत विकास दर का अनुमान वैश्विक संकटों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत है। उन्होंने बताया कि यह अनुमान उन अपेक्षाओं से बेहतर है जिनमें विकास दर 6.8 प्रतिशत के आसपास रहने की बात कही जा रही थी।

जायसवाल ने आगे कहा, “पिछले 10-12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल, हाईवे, लॉजिस्टिक्स और अन्य बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर निवेश किया है। इसी मजबूत आधार का परिणाम है कि आज भारत लगातार आर्थिक वृद्धि दर्ज कर रहा है। जब किसी अर्थव्यवस्था का बुनियादी ढांचा मजबूत हो जाता है तो उसके बाद विकास की रफ्तार स्वाभाविक रूप से तेज हो जाती है।”

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सवाल पर अर्थशास्त्री ए.पी. शुक्ला ने कहा कि एआई लोगों के जीवन को आसान बनाने की क्षमता रखता है, लेकिन इसके साथ कुछ जोखिम भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में एआई के प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं और इसे नियंत्रित करना वैश्विक चुनौती बनता जा रहा है।