चंडीगढ़, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 29वां मुकाबला पीसीए न्यू क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें पीबीकेएस जीत का क्रम जारी रखना चाहेगी।
पंजाब किंग्स इस सीजन इकलौती ऐसी टीम है, जिसने अब तक कोई भी मैच नहीं गंवाया है। यह टीम 5 में से 4 मैच जीत चुकी है, जबकि एक मुकाबला बारिश के चलते बेनतीज रहा था। इस टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जो रन चेज करने में खास तौर पर अच्छे रहे हैं, जैसा कि उनके शानदार नेट रन रेट (+1.067) से पता चलता है।
पंजाब किंग्स की बैटिंग यूनिट ने दबाव में हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे उन्हें 2025 सीजन के बाद से चेज करते हुए अपने पिछले 11 में से 9 मैच जीतने में मदद मिली है। यह सिलसिला मुंबई इंडियंस पर उनकी हालिया जीत में भी जारी रहा। लखनऊ सुपर जायंट्स को उनकी बढ़त रोकने के लिए काफी मेहनत करनी होगी।
दूसरी ओर, एलएसजी इस समय संघर्ष कर रही है। इस टीम ने 5 मे से 2 मैच गंवाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के साथ शुरुआत के बाद एलएसजी ने सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उसे लगातार दो मैच गंवाने पड़े।
आईपीएल में, लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच अच्छी-खासी प्रतिद्वंद्विता रही है, जिसमें दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ खेले गए छह मैचों में से तीन-तीन मैच जीते हैं।
पंजाब किंग्स की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, मिशेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पायला अविनाश, मार्को जानसेन, लॉकी फर्ग्यूसन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्करम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीत्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, मिशेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे (वानिंदु हसरंगा के प्रतिस्थापन), आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्त्जे नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।

