SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2027: ट्रेड डील में लिविंगस्टन-एडवर्ड्स की हुई सीएसके में एंट्री, एसआरएच...

आईपीएल 2027: ट्रेड डील में लिविंगस्टन-एडवर्ड्स की हुई सीएसके में एंट्री, एसआरएच से जुड़े खलील और एलिस

0
1

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने आईपीएल 2027 ट्रेडिंग विंडो की सबसे बड़ी डील की है। इस बड़े ट्रेड के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स सीएसके में जाएंगे जबकि भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से जुड़ेंगे।

इस ट्रेड से दोनों टीमों के कॉम्बिनेशन में बड़ा बदलाव आया है। सीएसके ने अपनी टीम में दो विदेशी ऑलराउंडरों को शामिल किया है जबकि एसआरएच ने खलील (बाएं हाथ के गेंदबाज) और एलिस (डेथ ओवर स्पेशलिस्ट) को लाकर अपने पेस अटैक को मजबूत किया है। सबसे अहम बदलाव लिविंगस्टन का है, जिन्हें एसआरएच ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। टूर्नामेंट के आधिकारिक बयान के अनुसार, अब वह 13 करोड़ से आधी से भी कम कीमत यानी 6 करोड़ रुपये में सीएसके से जुड़ रहे हैं। आईपीएल 2026 में लिविंगस्टन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने दो मैचों में केवल 15 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा था।

एडवर्ड्स भी 3 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस के साथ सीएसके जा रहे हैं। दूसरी ओर, एसआरएच ने खलील के रूप में एक पुराने खिलाड़ी की वापसी कराई है, जो 2018 से 2021 तक इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। वह 4.8 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर एसआरएच में वापस आ रहे हैं।

आईपीएल 2025 में खलील सीएसके के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक थे, जिन्होंने 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। 2026 सीजन में दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी, जिस वजह से वह केवल पांच मैच ही खेल सके थे। यह डील एलिस के साथ पूरी हुई है, जो अपनी मौजूदा 2 करोड़ रुपये की फीस पर एसआरएच से जुड़ रहे हैं। वे पुरानी हैमस्ट्रिंग चोट के गंभीर हो जाने के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे। ऑस्ट्रेलिया का यह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अपनी अलग-अलग तरह की गेंदों और डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी करने की क्षमता के लिए जाना जाता है।

उनके आने से एसआरएच के तेज गेंदबाजी आक्रमण में एक और अनुभवी टी20 विकल्प जुड़ गया है। दिलचस्प बात यह है कि एलिस इस साल इंग्लैंड में हुए ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में सनराइजर्स लीड्स टीम का हिस्सा थे। सीएसके और एसआरएच के बीच यह डील मौजूदा ट्रेडिंग विंडो में हुए कुछ बड़े बदलावों के बाद हुई है।

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पूर्व कप्तान ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स से वापस अपनी टीम में शामिल किया है, जिसके बदले में उन्होंने बाएं हाथ के रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ भेजा है। इसके अलावा, दिल्ली कैपिटल्स ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी. नटराजन की जगह जीशान अंसारी को ट्रेड करते हुए अपनी टीम में शामिल किया है। नटराजन की एसआरएच में वापसी हुई है।