तेहरान, 18 नवंबर (आईएएनएस)। ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने बुधवार तड़के कुवैत स्थित अली अल सलेम एयरबेस पर अमेरिकी सैन्य उपकरणों को निशाना बनाया। बाद में कुवैत ने भी एक बयान जारी कर इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।
ईरानी सेना के मुताबिक, इस हमले में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के साथ ड्रोन और मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को निशाना बनाने के लिए लड़ाकू और आत्मघाती ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने एक बयान जारी कर हमले की जानकारी दी। सरकारी टेलीविजन आईआरआईबी पर भी बयान प्रसारित किया गया। बताया गया कि ईरानी ड्रोन ने कुवैत में अमेरिकी सैन्य उपकरणों को निशाना बनाया।
बयान में कहा गया कि ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान’ की सेना के लड़ाकू और आत्मघाती ड्रोनों ने बुधवार सुबह अली अल सलेम एयरबेस पर मौजूद पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन तथा मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म पर हमला किया।
अली अल सलेम एयरबेस को क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया गया। ईरानी सेना के मुताबिक, “यह एयरबेस सैन्य परिवहन का प्रमुख केंद्र है और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य बलों की तैनाती के लिए अहम प्रवेश द्वार की भूमिका निभाता है। यह अमेरिकी सेना की क्षेत्रीय सैन्य और लॉजिस्टिक रणनीति में भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है।”
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने इस अटैक को लेकर बयान जारी किया। इसमें अमेरिकी अड्डे का जिक्र नहीं किया गया। हालांकि अटैक को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करार दिया। इसे कुवैत की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया गया और कहा गया कि ये हमले उसकी सुरक्षा और स्थिरता के लिए सीधा खतरा हैं, और अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर का गंभीर उल्लंघन है।
बयान में मंत्रालय ने दोहराया, “इन हमलों का जारी रहना एक खतरनाक स्थिति पैदा करता है, जो पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा है। साथ ही, यह तनाव कम करने और हालात को सामान्य बनाने के लिए किए जा रहे राजनयिक प्रयासों को भी कमजोर करता है।”


