Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईटीएफ रैंकिंग: अंडर-13 टेनिस में वर्ल्ड नंबर 1 बनीं सृष्टि किरण

आईटीएफ रैंकिंग: अंडर-13 टेनिस में वर्ल्ड नंबर 1 बनीं सृष्टि किरण

0
11

बेंगलुरु, 9 जून (आईएएनएस)। इंटरनेशनल जूनियर टेनिस सर्किट में अपनी चमक बिखेरते हुए बेंगलुरु की 13 वर्षीय सृष्टि किरण अंडर-13 आयु वर्ग की रैंकिंग में ‘वर्ल्ड नंबर 1’ बन गई हैं। यह उपलब्धि उनके शानदार प्रदर्शन का नतीजा है, जिसमें सृष्टि ने लगातार पांच आईटीएफ जूनियर खिताब जीते और पिछले हफ्ते आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स जे100 ग्वाटेमाला में रनर-अप रहीं।

सृष्टि किरण के बेहतरीन प्रदर्शन और सफलता ने उन्हें करियर की सर्वश्रेष्ठ आईटीएफ जूनियर रैंकिंग (नंबर 357) तक पहुंचाया, जिससे वह अंडर-13 कैटेगरी में दुनिया की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन गईं।

सृष्टि ने यह मुकाम सिर्फ आठ रैंकिंग इवेंट्स में हिस्सा लेकर हासिल किया, जबकि रैंकिंग की गणना ज्यादा से ज्यादा 10 टूर्नामेंट्स के आधार पर की जाती है। वह आर्थिक और लॉजिस्टिकल दिक्कतों की वजह से 2 इवेंट्स में हिस्सा नहीं ले सकी थीं। अपने कई करीबी प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में 2 कम टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने के बावजूद, युवा भारतीय खिलाड़ी अंडर-13 आयु वर्ग में ‘वर्ल्ड नंबर 1’ बनीं।

सृष्टि का अंतरराष्ट्रीय सफर यूरोप में जारी रहेगा। अगर उन्हें मेन ड्रॉ में एंट्री मिलती है, तो उनके यूनाइटेड किंगडम में जे300 इवेंट में खेलने की उम्मीद है। इसे सर्किट के प्रमुख जूनियर टूर्नामेंट्स में से एक और प्रतिष्ठित विंबलडन जूनियर चैंपियनशिप से पहले का एक अहम इवेंट माना जाता है। सृष्टि अभी ग्रास-कोर्ट सीजन की तैयारी कर रही हैं।

इस उपलब्धि पर सृष्टि ने कहा, “मैं अपने आयु वर्ग में वर्ल्ड नंबर 1 बनकर बहुत खुश हूं। साल की शुरुआत में मैंने इसके बारे में सोचा भी नहीं था, लेकिन मेरे कोच, परिवार और सपोर्ट टीम के साथ की गई कड़ी मेहनत का फल मिल रहा है। पिछले कुछ हफ्ते बहुत खास रहे हैं। लगातार पांच खिताब जीतना और फिर एक और फाइनल में पहुंचना, इससे मेरा आत्मविश्वास बहुत बढ़ा है। इसके साथ ही, मुझे पता है कि अभी लंबा सफर तय करना है और अपने खेल में कई चीजों को बेहतर बनाना है।”