वेलिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू हुए टेस्ट मैच में चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाज उतारे हैं। टीम इंडिया जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप और अंशुल कंबोज के साथ उतरी है। एकमात्र स्पिनर वाशिंगटन सुंदर हैं। बुमराह की तरह कोई भी अन्य तेज गेंदबाज प्रभावी नहीं दिखा है।
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि दूसरे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की कंडीशन के हिसाब से अपनी लाइन और लेंथ को बदलने की काबिलियत से बहुत कुछ सीख सकते हैं।
कोटक ने पहले दिन के खेल की समाप्ति के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “बुमराह न सिर्फ अपनी लाइन और लेंथ, बल्कि अपने अनुभव और स्किल की वजह से गेंद से मूवमेंट ले रहे थे। हम बुमराह के बॉलिंग करने के तरीके और उनके पास जो स्किल है, उससे सीख सकते हैं। जब आपके पास ऐसा सीनियर बॉलर होता है, तो यह निश्चित रूप से दूसरे बॉलरों के लिए भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इसलिए इसमें कोई शक नहीं है।”
कोटक ने इस बात को खारिज कर दिया कि भारत सीनियर पेसर पर बहुत ज्यादा निर्भर था। उन्होंने बताया कि चारों तेज गेंदबाजों ने वर्कलोड को लगभग बराबर बाँटा था।
उन्होंने कहा, “बुमराह ऐसे बॉलर हैं कि वह जिस भी टीम में होंगे, वह टीम उन पर डिपेंडेंट होगी। उनकी स्किल ऐसी ही है। दूसरी बात, अगर आपने ध्यान दिया हो, तो बॉलरों के बीच ओवर 17-15-15-15 के हिसाब से बँटे हुए थे। तो ऐसा नहीं है कि बुमराह ने 30 ओवर फेंके और बाकी सबने 10-10 ओवर फेंके।”
प्रसिद्ध कृष्णा महंगे रहे और उन्होंने 16 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 58 रन दिए। इस वजह से बुमराह द्वारा बनाए गए दबाव से न्यूजीलैंड को निकलने में आसानी हुई। कृष्णा का बचाव करते हुए कोटक ने कहा कि उन्हें एक ही परफॉर्मेंस के आधार पर जज नहीं करना चाहिए।
मैच की बात करें तो टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी का फैसला करने वाली भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी हुई थी। टीम ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट 70 रन पर गिरा दिए थे, लेकिन इसके बाद हेनरी निकोलस और ग्लेन फिलिप्स ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों अब तक 173 रनों की नाबाद साझेदारी कर चुके हैं। दिन का खेल समाप्त होने के समय न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 243 रन बना लिए थे। निकोलस 113 और फिलिप्स 94 रन पर नाबाद थे।
भारत की तरफ से बुमराह ने 3, जबकि अंशुल कंबोज और आकाशदीप ने 1-1 विकेट लिया। प्रसिद्ध को विकेट नहीं मिला। अगर अन्य तीन गेंदबाजों ने भी बुमराह की तरह दबाव वाली गेंदबाजी करते हुए विकेट निकाला होता, तो न्यूजीलैंड ऑल आउट हो सकती थी।


