SGSU Advertisement
Home खेल जीतना जरूरी, लेकिन गरिमा बनाए रखना और विरोधी टीम का सम्मान करना...

जीतना जरूरी, लेकिन गरिमा बनाए रखना और विरोधी टीम का सम्मान करना भी अनिवार्य है: मदन लाल

0
1

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ल्ड कप 1983 की विजेता टीम के सदस्य मदन लाल ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत के प्रदर्शन की तारीफ की। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मानना ​​है कि मैच के बाद जश्न मनाते समय खिलाड़ियों को थोड़ा और संयम बरतना चाहिए था।

शनिवार को अल अमीरात में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने अंतिम गेंद पर चौका जड़ते हुए पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार मेंस अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह से पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने अपनी भावनाओं का इजहार किया, उसने फैंस और पूर्व क्रिकेटरों के बीच बहस छेड़ दी है।

मदन लाल ने ‘आईएएनएस’ से ​​कहा, “एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय अंडर-19 खिलाड़ियों ने शानदार क्रिकेट खेला, और भारतीय क्रिकेट का भविष्य निश्चित रूप से बहुत उज्ज्वल नजर आ रहा है। हालांकि, मेरा मानना ​​है कि मैच के बाद जश्न मनाते समय उन्हें थोड़ा और संयम बरतना चाहिए था। यह कुछ ज्यादा ही हो गया। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि एक बड़ी टीम के बर्ताव और एक छोटी टीम के बर्ताव में फर्क होता है। जीतना जरूरी है, लेकिन गरिमा बनाए रखना और विरोधी टीम का सम्मान करना भी उतना ही अनिवार्य है।”

फाइनल मुकाबला बेहद नाटकीय अंदाज में खत्म हुआ, जिसमें भारत के सामने जीत के लिए 338 रनों का मुश्किल लक्ष्य था, लेकिन भारत ने आखिरी गेंद पर चौके के साथ मैच और खिताब अपने नाम किया। एक समय ऐसा लगा कि भारत के लगातार विकेट गिरने की वजह से जीत हाथ से निकल जाएगी, लेकिन मनल चौहान और मोहित उल्वा ने अंत में एक अहम साझेदारी करके अपनी टीम को जीत दिलाई।

इन दोनों खिलाड़ियों ने सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर भारत की उम्मीदों को फिर से जगा दिया। चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि उल्वा 26 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत की जीत सुनिश्चित की।