Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंड: धनबाद में ब्लूटूथ डिवाइस से एसएससी परीक्षा में कराई जा रही...

झारखंड: धनबाद में ब्लूटूथ डिवाइस से एसएससी परीक्षा में कराई जा रही थी नकल, तीन गिरफ्तार

0
19

धनबाद, 13 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले में एसएससी एमटीएस की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मिनर्वा डिजिटल परीक्षा केंद्र पर यह मामला पकड़ में जाने के बाद दो परीक्षार्थियों और केंद्र के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 4 से 12 फरवरी के बीच परीक्षा आयोजित की गई थी। 12 फरवरी को सेंटर समन्वयक ने सूचना दी कि कुछ अभ्यर्थी तकनीकी उपकरणों की मदद से उत्तर प्राप्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

तलाशी के दौरान दो अभ्यर्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के रजिस्ट्रेशन मैनेजर शशि कुमार की मिलीभगत से उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। बाहर बैठे सहयोगियों द्वारा उत्तर बताए जा रहे थे। पूरी साजिश पहले से रची गई थी।

गिरफ्तार अभ्यर्थियों की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर निवासी रौनक कुमार और कोचगांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, नालंदा जिले के दायमचक निवासी शशि कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। वह परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

जांच में यह भी सामने आया कि नकल कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी आठ लाख रुपये की मांग की गई थी। इसमें से ढाई लाख रुपये अग्रिम लिए जा चुके थे। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, प्रवेश पत्र और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। इस संबंध में गोविंदपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बरामद सामग्री में दो ब्लूटूथ डिवाइस, स्पाई ईयरपीस और मोबाइल फोन शामिल हैं।