Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड : पूर्वी सिंहभूम में बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या,...

झारखंड : पूर्वी सिंहभूम में बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
21

जमशेदपुर, 1 जून (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

वारदात की वजहों का पता नहीं चल पाया है। मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह की है।

पुलिस के अनुसार, बुस्की मुर्मू रोज की तरह गांव के समीप स्थित महुआ पेड़ के नीचे महुआ फल (कोचड़ा) चुनने गई थीं। इसी दौरान गांव का राम सरदार वहां पहुंचा और उनपर अचानक बड़े पत्थर से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव और सब-इंस्पेक्टर सहदेव सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने आरोपी राम सरदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीण स्तब्ध हैं। कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।