SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय लोकतंत्र को इंदिरा गांधी ने तार-तार किया, आपातकाल में मेरे पिता 19...

लोकतंत्र को इंदिरा गांधी ने तार-तार किया, आपातकाल में मेरे पिता 19 महीने जेल में रहे: विश्वास सारंग

0
2

भोपाल, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर गलत नैरेटिव सेट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर की थी, जिसमें उनके पिता कैलाश सारंग 19 महीने जेल में रहे। साथ ही उन्होंने भोपाल में आयोजित एशियन विमेन हॉकी चैंपियनशिप की सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम अब विश्व की चौथी रैंक पर पहुंच रही है।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “कांग्रेस की आदत हो गई है गलत नैरेटिव सेट करने की। मुझे आश्चर्य है कि आप लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं। अरे, लोकतंत्र को तार-तार तो इंदिरा गांधी ने किया। इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर इस देश में लोकतंत्र की हत्या की थी और मैं उसका पीड़ित हूं। मेरे पिताजी कैलाश सारंग 19 महीने जेल में रहे थे। हमारे परिवार पर वह अंधेरा साया मंडराया था, जब आपातकाल के समय 19 महीने तक मेरे पिता को इंदिरा गांधी ने जेल में भेज दिया था।”

उन्होंने कहा कि आप बात करते हैं वोट चोरी की। अरे, वोट चोरी तो जवाहरलाल नेहरू ने की, जब पीछे के दरवाजे से वोट चोरी करके पहले कांग्रेस के अध्यक्ष बने और फिर प्रधानमंत्री बने। आप संवैधानिक संस्थाओं पर कुठाराघात कर रहे हैं। आप संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं। आप अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए इस देश में गलत नैरेटिव बना रहे हैं। यह निश्चित रूप से भटकाने वाला काम है।

विश्वास सारंग ने कहा कि बहुत प्रसन्नता की बात है कि जिस लक्ष्य को लेकर हमने एशियन विमेन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन भोपाल में किया था, हम उस लक्ष्य को साधने में सफल रहे हैं। हमने पहले ही कहा था कि यह केवल एक इवेंट या टूर्नामेंट नहीं है बल्कि हम देश, मध्य प्रदेश और भोपाल की हॉकी की चमक को वापस लाना चाहते हैं। हमारी महिला हॉकी टीम ने जिस प्रकार से प्रदर्शन किया है, वह अपने आप में ऐतिहासिक है। हम ऑल टाइम बेस्ट रहे हैं और अब विश्व की चौथी रैंक पर पहुंच रहे हैं। यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने खेल, खिलाड़ियों और खेल मैदानों के उन्नयन के लिए जिन विभिन्न क्षेत्रों में काम किया था, उनमें हमें लगातार सफलता प्राप्त हुई है। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि खेलों में देश अव्वल हो और हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लक्ष्य है कि प्रदेश खेलों में देश में अव्वल हो। हम उसे मूर्त रूप दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमने खेल मैदानों के उन्नयन की बात की। अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हुआ है। हर विधानसभा में कम से कम एक खेल परिसर बनाया जा रहा है। हम युवाओं को ज्यादा से ज्यादा खेल मैदानों की ओर आकर्षित करने और उन्हें अच्छी सुविधाएं देने के लिए कटिबद्ध हैं। ‘खेलो बढ़ो अभियान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम युवाओं को खिलाड़ी बना रहे हैं। हम कोच और विदेशी कोचों की व्यवस्था कर रहे हैं। हमारा चौथा और महत्वपूर्ण आयाम यह है कि ब्लॉक, जिला, संभाग, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करके खिलाड़ियों को बेहतर एक्सपोजर मिले। इसी कड़ी में हमने एशियन विमेन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया था।