उज्जैन, 26 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश भर में गंगा दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर भारतीय नौसेना के बैंड ने रामघाट पर मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन में शिप्रा तट पर रामघाट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा में सहभागिता की।
इस अवसर पर मुंबई से आए भारतीय नौसेना के बैंड ने रामघाट पर मनमोहक प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि उज्जैन सहित प्रदेशभर में गंगा दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई से आए भारतीय नौसेना के बैंड की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित किया है। बैंड के सदस्यों ने संगीत मय कार्यक्रम से रामघाट पहुंचे नागरिकों को मनमोहक धुन सुनवाकर इस शाम को यादगार बना दिया है।
मोक्ष दायिनी मां शिप्रा की दो दिवसीय तीर्थ परिक्रमा मंगलवार को संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री यादव ने उज्जैन में विधिवत पूजन-अर्चन कर शिप्रा में चुनरी अर्पित की।
सीएम ने कहा कि प्रदेशभर में जल गंगा संरक्षण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सभी प्रमुख तालाब, कुएं, बावड़ी, पोखर, नदियों के उद्मम स्थलों पर जनसहयोग के जरिए जल संचयन के लिए कार्य जारी हैं। अब तक लगभग 2 लाख से अधिक काम पूरे किए गए हैं। देश में जल संरक्षण की दिशा में कार्य करते हुए मध्यप्रदेश इस मामले में पहले स्थान पर है।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महंत उमेश नाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक जितेंद्र पंड्या, उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नवीन सोलंकी, नगर निगम की सभापति कलावती यादव, जिलाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रामलाल मालवीय अनेक निगम-मंडलों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

