Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार से...

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार से अधिक वाहनों का चालान

0
4

गौतमबुद्ध नगर, 26 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में 21 मई से 24 मई तक जिलेभर में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अवैध पार्किंग, बिना नंबर प्लेट चल रहे डम्पर, ओवरलोडिंग, डग्गामार वाहन, स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और शराब या मादक पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना था। अभियान के दौरान तीनों जोन के डीसीपी और यातायात अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की।

नोएडा जोन में सबसे अधिक कार्रवाई देखने को मिली। यहां 3001 अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान किए गए, जबकि 114 बिना नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग डम्परों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा 72 डग्गामार वाहन, 120 स्टंटबाजी करने वाले वाहन, पांच बिना फिटनेस की स्कूल बसें, 244 ओवरस्पीड वाहन तथा 197 ऐसे चालक पकड़े गए जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। अन्य नियम उल्लंघन करने वाले 4249 वाहनों के भी चालान किए गए और 40 वाहनों को सीज किया गया।

सेंट्रल नोएडा जोन में भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 836 अवैध पार्किंग वाले वाहनों, 107 ओवरलोडिंग एवं बिना नंबर प्लेट डम्परों, 26 डग्गामार वाहनों और 16 स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान किया। यहां आठ बिना फिटनेस की स्कूल बसों पर भी कार्रवाई हुई। इसके साथ ही 284 ओवरस्पीड वाहन और 379 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस जोन में कुल 10 वाहनों को सीज किया गया।

वहीं, ग्रेटर नोएडा जोन में 374 अवैध पार्किंग वाले वाहन, सात ओवरलोडिंग डम्पर, 20 डग्गामार वाहन और आठ स्टंटबाज वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। यहां 255 ओवरस्पीड वाहन और 19 नशे में वाहन चलाने वाले चालक पकड़े गए।

यातायात पुलिस द्वारा अलग से चलाए गए अभियान में 3773 अवैध पार्किंग वाले वाहन, 580 बिना नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग डम्पर, 49 डग्गामार वाहन, 31 स्टंटबाज वाहन, 82 बिना फिटनेस स्कूल बसें तथा 2215 ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 95 वाहनों को सीज भी किया गया।

पूरे अभियान के दौरान कुल 7984 अवैध पार्किंग वाले वाहन, 808 ओवरलोडिंग एवं बिना नंबर प्लेट डम्पर, 167 डग्गामार वाहन, 175 स्टंटबाजी करने वाले वाहन, 95 बिना फिटनेस स्कूल बसें, 2998 ओवरस्पीड वाहन तथा 625 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालान किए गए। वहीं अन्य श्रेणी में 24,499 वाहनों पर कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर 145 वाहनों को सीज किया गया।