SGSU Advertisement
Home राज्य अन्य राज्य मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बयान पर खेद...

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बयान पर खेद जताया

0
5

भोपाल 22 सितंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पिछले दिनों दिए गए अपने एक बयान पर खेद जाहिर किया है। दरअसल पिछले दिनों इंदौर में एक कार्यक्रम था और उस दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या यादव की तंदुरुस्ती को लेकर एक बयान दिया था। इस बयान पर कांग्रेस ने तरह-तरह से प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे महिला का अपमान करार दिया था। अब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को अपने बयान पर सफाई देना पड़ी है और उन्होंने खेद भी जताया है।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि पार्षद संध्या यादव के वार्ड में काफी विकास कार्य हुए हैं और इस दौरान मेरे भाषण में उनको लेकर जो कहा गया, उसे कांग्रेस के लोगों ने गलत तरीके से उठाया है। संध्या मेरी बेटी के समान है। मैंने उन्हें बचपन में बेटी की तरह खिलाया है, न तो उनके मन में कुछ है और न ही मेरे मन में कुछ है। जिस तरह से कांग्रेस ने जानबूझकर यह मुद्दा उठाया, उससे मैं दुखी हूं। मेरी बेटी भी संध्या की उम्र की है, इस संबंध में मैं खेद व्यक्त करता हूं ।

दरअसल राज्य में कई नेता ऐसे हैं जो महिलाओं को लेकर टीका टिप्पणी करते रहते हैं और इस तरह के बयान सियासी मुद्दा भी बन जाते हैं। इसी तरह का मामला मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़ गया और इससे राजनीतिक माहौल गरमा गया, परिणाम स्वरूप खुद मंत्री को सामने आकर खेद जताना पड़ा है।

आईएएनएस

एसएनपी/पीएम