मध्य प्रदेश में गेहूं उत्पादक किसानों को किया गया 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान

0
3

भोपाल, 8 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी का दौर जारी है। अब तक तक 9.38 लाख किसानों से 56 लाख 45 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। इसके लिए किसानों को 10403.17 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया है कि अभी तक 9 लाख 38 हजार किसानों से 56 लाख 45 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। उन्होंने बताया है कि तौल पर्ची बनाने का समय शाम छह से बढ़ाकर रात 10 बजे तक तथा देयक जारी करने का समय रात 12 तक कर दिया गया है।

गेहूं का उपार्जन सप्ताह में छह दिन सोमवार से शनिवार तक किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़ाकर छह की गई तथा तौल कांटों की संख्या में वृद्धि का अधिकार जिलों को दिए जाने का निर्णय लिया गया।

साथ ही एनआईसी सर्वर की क्षमता एवं संख्या में वृद्धि कराई गई। खाद्य विभाग द्वारा प्रति घंटा उपार्जन की मॉनीटरिंग की जा रही है। राज्य में किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए आवश्यक बारदानों की व्यवस्था की जा चुकी है। उपार्जित गेहूं की भर्ती जूट बारदाने के साथ साथ बैग एवं जूट के एक भर्ती बारदाने का उपयोग किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिये भण्डारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई, जिससे उपार्जित गेहूं का सुरक्षित भण्डारण किया जा सके।

–आईएएनएस

एसएनपी/वीसीपी