रत्नागिरी, 21 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में शनिवार को राज्य परिवहन की बस के नीचे आने से दोपहिया वाहन चालक की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
यह हादसा रत्नागिरी जिले के दापोली-मंडनगढ़ रोड पर शनिवार सुबह करीब 7.30 से 8 बजे के बीच हुआ। बताया गया कि राज्य परिवहन की बस मंडनगढ़ से दापोली की ओर जा रही थी, जबकि दोपहिया वाहन चालक दापोली से मंडनगढ़ की ओर जा रहा था। इस दौरान, दोपहिया वाहन चालक बस के पिछले पहिये के नीचे आ गया। इस दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इस मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की ओर से जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
मृतक की पहचान दापोली तालुका के कलकाई कोंड निवासी सुरेंद्र गोरीवाले के रूप में हुई है। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक का परिवार गहरे सदमे में है।
इससे पहले, पिछले हफ्ते मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में छह वाहनों के बीच भीषण टक्कर हुई। इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। हालांकि, हादसे में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
यह हादसा मुंबई के मरीन ड्राइव ट्रैफिक विभाग की सीमा में आने वाले कोस्टल रोड टनल के नॉर्थ बाउंड मार्ग पर हुआ। बताया गया कि रात करीब 2.33 बजे छह वाहन आपस में टकरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही मलबार हिल और गावदेवी पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सहायक पुलिस आयुक्त सुवर्णा शिंदे भी घटनास्थल पर मौजूद थीं।
हादसे के दौरान एक वाहन के बोनट से धुआं निकलने लगा। आग फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया। दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को टोइंग वैन की मदद से कोस्टल रोड टनल से बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए कोस्टल रोड की उत्तर दिशा की ओर जाने वाली यातायात सेवा बंद रखी गई थी। वाहनों को टनल से बाहर निकालने के बाद यातायात दोबारा शुरू किया गया।









