नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “दलित उत्थान और महिला सशक्तिकरण के लिए सदैव समर्पित रहे महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, “सामाजिक क्रांति के अग्रदूत, नारी शिक्षा और समानता के अधिकार के लिए आजीवन संघर्षरत रहने वाले महान समाज सुधारक व चिंतक, ‘क्रांतिसूर्य’ महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। महात्मा फुले जी के दृष्टिकोण और कार्यों ने समाज सुधार की दिशा में न केवल एक नई राह दिखाई, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव भी रखी। आपके पुण्य विचार राष्ट्र व समाज के नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा ज्योतिबा फुले को सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का प्रबल समर्थक बताया। सीएम योगी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए उनके अमर विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।”
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से प्रेरित होकर हम दिल्ली में शिक्षा, समान अवसर और वंचितों के सशक्तीकरण के उनके आदर्शों को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पबद्ध हैं।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, “महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा के प्रसार और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। महिला शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए उनके अतुलनीय योगदान सदैव हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे।”
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पोस्ट किया, “शिक्षा, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को समाज में स्थापित करने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “सामाजिक न्याय और नारी सशक्तिकरण के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन।”
ज्योतिबा फुले को नमन करते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने लिखा, “शिक्षा, समानता और सामाजिक उत्थान के लिए उनका आजीवन संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने विचारों और कर्मों से समाज में व्याप्त कुरीतियों को चुनौती दी और वंचितों व महिलाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद की। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”










