कोलकाता, 21 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बल्लेबाज मनीष पांडे ने बताया कि वह पिछले चार मैच में तैयार थे और अपने मौके का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मनीष ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 45 रनों की दमदार पारी खेली और केकेआर को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे मनीष ने चेज के दौरान कप्तान अजिंक्य रहाणे और रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर अहम पार्टनरशिप की। रहाणे के साथ उन्होंने 38 और पॉवेल संग मिलकर 64 रनों की साझेदारी निभाई। आईपीएल द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर संग बात करते हुए मनीष ने कहा, “मेरे लिए यह बहुत अच्छा मौका था, जैसा आपने सही कहा। चार मैच तक, मैं पैड पहनकर अपने मौके का इंतजार कर रहा था। हालांकि, मुझे लगता है कि पिछले चार मुकाबलों में हमने जिस तरह से बैटिंग की वह जबरदस्त थी और आपने मुझे बल्लेबाजी क्रम में नीचे की तरफ रखा, जो एक ठीक फैसला था।”
उन्होंने कहा, “जैसा कि हम कहते हैं, हम बदलते रहते हैं, हम मौके का इस्तेमाल बाएं, दाएं और बीच में करते हैं। यही गेम प्लान है। जब मुझे बताया गया कि मैं नंबर तीन पर बैटिंग करूंगा, तो मैंने ग्राउंड से बाहर आते ही खुद को तैयार करना शुरू कर दिया।” मनीष ने चेज के दौरान रहाणे के मार्गदर्शन को श्रेय दिया और मुश्किल विकेट पर पार्टनरशिप बनाने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा, “रहाणे से बात करते हुए वह मुझे छोटी पार्टनरशिप करने और गेंद को करीब से देखने के बारे में बताते रहे। मैंने वही किया। मेरे और रहाणे और फिर मेरे और रोवमैन के बीच हुई साझेदारी सच में बहुत जरूरी थी। यह हमें उस स्टेज पर ले गई जहां आखिरी 25 गेंदों पर 25 रन चाहिए थे।”
पांडे ने आगे अपनी तैयारी और सीजन की शुरुआत में कम मौकों के बावजूद प्रोसेस पर भरोसा करने की अहमियत के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “यह रोज की प्रक्रिया है। आप घरेलू सीजन के बाद आ रहे हैं। मेरे लिए, यह फिटनेस पर काम करने और विकेट पर समय बिताने के बारे में था। मैं इस टूर्नामेंट के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहा था।”
उन्होंने कहा, “आप लोगों ने भी मुझ पर बहुत भरोसा दिखाया था। मैं यह पक्का करना चाहता था कि जब भी मौका मिले तो मैं सच में अच्छी तरह से तैयारी करूं। प्रोसेस बहुत जरूरी है। आप अच्छा खेलते रहें, आप काम करते रहें, क्योंकि आपको कभी नहीं पता होता कि मौका कब आएगा, और आपको इसे दोनों तरफ से पकड़ना होता है।” मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराने के साथ ही केकेआर ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।

