SGSU Advertisement
Home राजनीति मसूद के ‘सिराज’ वाले बयान से मजीद मेमन असहमत, भाजपा ने कहा-हर...

मसूद के ‘सिराज’ वाले बयान से मजीद मेमन असहमत, भाजपा ने कहा-हर चीज में मुस्लिम वोट दिखाई देते हैं

0
1

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व राज्यसभा सदस्य मजीद मेमन ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर असहमति जताई है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि भारतीय क्रिकेट मोहम्मद सिराज का टीम में चयन इसीलिए नहीं हुआ, क्योंकि उनके नाम में सिराज है। मेमन ने कहा कि यह बात ठीक नहीं है। वहीं, भाजपा नेता आरपी सिंह ने भी मसूद के बयान पर कहा कि कांग्रेस को हर चीज में मुस्लिम वोट ही दिखाई देते हैं।

आईएएनएस से बातचीत में पूर्व सांसद मजीद मेमन ने कहा कि मोहम्मद सिराज को लेकर जो बात इमरान मसूद ने कही है, उससे जरूर विवाद खड़ा हो सकता है। अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रही मौजूदा टीम में एक भी मुसलमान नहीं है। इसलिए, टीम चयन में मुसलमानों और हिंदुओं की बात नहीं होनी चाहिए। टीम का चयन योग्यता के आधार पर होता है, जैसे कि देश के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन कौन कर सकता है? मजबूत विरोधियों के खिलाफ कौन बेहतर खेल सकता है?

उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी को भी बाहर बैठा दिया गया है, जबकि रिकॉर्ड के हिसाब से वह नंबर एक गेंदबाज हैं। उन्हें क्यों नहीं चुना गया? क्या इसलिए कि उनके नाम के साथ भी ‘मोहम्मद’ जुड़ा है, जैसा कि मसूद साहब कह रहे हैं? मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि यकीनी तौर पर वह मोहम्मद है या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता। सिराज और शमी साबित कर चुके हैं कि उनका प्रदर्शन बेहतर है। विरोधी पक्ष के टॉप के बल्लेबाज भी उनके खिलाफ खेलने से डरते हैं।

पूर्व राज्यसभा सदस्य ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का जिक्र करते हुए कहा कि हम सभी उनकी तारीफ करते हैं। वह बहुत अच्छी गेंदबाजी करते हैं। भारत के पास उनके रूप में एक अच्छा हथियार है। वह मुश्किल परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इसी तरह शमी और सिराज भी करते हैं। सिराज अभी फॉर्म में हैं। देश को उनसे काफी फायदा हो सकता है। गौतम गंभीर, जो पूर्व में भाजपा के नेता रहे हैं या तो वह करते हैं या फिर चयन समिति करती है, लेकिन जो भी करती है, वह देशहित में नहीं है। मैं नहीं चाहता कि इसे हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा बनाया जाए। मैं मसूद के बयान से सहमत हूं, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके नाम के पीछे सिराज है, इसीलिए नहीं लिया गया, यह ठीक नहीं है। मुसलमानों को भी अच्छे मौके मिले हैं। शमी और सिराज को भी हम लोगों ने तैयार किया है।

इसी बीच, एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने सरफराज खान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी नहीं चुना गया था। पहले उनसे कहा गया था कि उनका शरीर भारी है, खान ने अपना वजन कम किया और घरेलू क्रिकेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। फिर भी सरफराज को नहीं चुना गया। शमी को भी नहीं चुना गया। मोहम्मद सिराज पॉजिटिव क्रिकेट खेल रहे थे, अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और बुमराह की जगह टीम के लिए काफी मददगार साबित हुए, जब भी टीम को उनकी जरूरत पड़ी। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्हें क्यों नहीं चुना गया? मेरा सवाल यह है कि प्रतिभा के आधार पर किसी को टीम में मौका देंगे या फिर नाम देखकर जगह देंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस खेल में भी राजनीति कर रही है। हाल ही में टी-20 मैच खेला गया था, जिसमें सिराज और एक अन्य खिलाड़ी भी थे। दोनों को टीम में चयनित किया गया था। सिर्फ इसीलिए नहीं कि वे मुसलमान थे। वे न्यूजीलैंड दौरे पर गए हैं। किसी एक मैच में नहीं खेले हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि वे आगे के मैच में नहीं खेलेंगे। कांग्रेस को तो बस राजनीति करनी है। इन्हें हर चीज में मुस्लिम वोट दिखाई देते हैं।