Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध मथुरा: एएनटीएफ और रिफाइनरी पुलिस ने 3 ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार

मथुरा: एएनटीएफ और रिफाइनरी पुलिस ने 3 ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार

0
15

मथुरा, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मथुरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की आगरा यूनिट ने शनिवार को एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने घेराबंदी कर तीन अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, नकदी, मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों के पास से कुल 154 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा, आरोपियों के पास से 15,920 रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और बैंक कार्ड भी बरामद किए गए हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा ग्लैंजा कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई थाना रिफाइनरी क्षेत्र में दिल्ली से आगरा जाने वाले मार्ग पर की गई। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों को थाना परिसर से महज 200 कदम की दूरी पर दोपहर करीब 2:45 बजे पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आगरा के रहने वाले विजय सिंह (35) और आशीष सिंह (38) के रुप में हुई। साथ ही, पुलिस ने एक महिला आरोपी की पहचान गोपनीय रखी है।

इस पूरे ऑपरेशन को सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी जयबिंद कुमार गुप्ता और एएनटीएफ निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, महिला उपनिरीक्षक मोनालिसा, मुख्य आरक्षी आशीष शुक्ला, वसीम अकरम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के तहत काम कर रहे थे और दिल्ली-आगरा मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई करते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।