SGSU Advertisement
Home अपराध मिजोरम में 236.33 किलो मेथामफेटामाइन की बरामदगी के मामले में एनआईए ने...

मिजोरम में 236.33 किलो मेथामफेटामाइन की बरामदगी के मामले में एनआईए ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

0
4

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मिजोरम में 30 करोड़ रुपए से अधिक की मेथामफेटामाइन की बरामदगी से जुड़े मामले में असम से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने म्यांमार से एक अंतर-राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के जरिए मेथामफेटामाइन गोलियों की तस्करी की थी।

केंद्रीय एजेंसी ने सोमवार को जानकारी कि आरोपी को रविवार को असम के सिलचर से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान नूरुल इस्लाम के रूप में हुई है। एजेंसी ने बताया कि यह गिरफ्तारी मई 2025 में मिजोरम के चम्फाई जिले में लगभग 30.72 करोड़ रुपए मूल्य की 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन गोलियां बरामद होने के मामले से जुड़ी है। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड सहित कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।

एनआईए की जांच से पता चला है कि नूरुल इस्लाम ही वह मास्टरमाइंड है, जिसने म्यांमार से भारत के मुख्य भू-भाग तक एक अंतर-राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के जरिए इन मेथामफेटामाइन गोलियों की तस्करी की थी।

यह मामला मूल रूप से डुंगटलंग थाने में दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जिनमें से दो मिजोरम से, दो त्रिपुरा से और एक असम से हैं। एनआईए ने कहा कि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले की आगे की जांच जारी है।

उधर, असम पुलिस ने हैलाकांडी में नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 14,000 याबा टैबलेट जब्त की गईं और एक युवक को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम की ओर से आ रही एक कार हैलाकांडी जिले में दाखिल हुई। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए हैलाकांडी की रामनाथपुर चौकी की पुलिस टीम ने असम-मिजोरम सीमा पर नाका-चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने गाड़ी से लगभग 14,000 याबा टैबलेट बरामद कीं और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान श्रीभूमि जिले के पत्थरकांडी निवासी अजीजुर रहमान के रूप में हुई है।

पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। जब्त की गई याबा टैबलेट की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपए है।