SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘मॉक पार्लियामेंट’ को संजय निरुपम ने बताया नौटंकी, इंडिया ब्लॉक बोला-लोकतंत्र बचाने...

‘मॉक पार्लियामेंट’ को संजय निरुपम ने बताया नौटंकी, इंडिया ब्लॉक बोला-लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

0
5

मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित रैली से पहले शनिवार को ‘मॉक पार्लियामेंट’ का आयोजन किया गया। इंडिया ब्लॉक ने इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया तो शिवसेना नेता संजय निरुपम ने तंज कसा। उन्होंने ‘मॉक पार्लियामेंट’ को नौटंकी बताया।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बहुत बड़ी नौटंकी है और कुछ नहीं, बल्कि एक बड़ा ड्रामा है। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद से कांग्रेस ने संसदीय कार्यवाही को कभी गंभीरता से नहीं लिया है। उनके विरोध-प्रदर्शनों के कारण बार-बार संसद सत्र बाधित होते हैं, जिससे जनता का पैसा बर्बाद होता है। जब संसद का सत्र चल रहा होता है, तो वे चर्चाओं में हिस्सा लेने के बजाय कार्यवाही में बाधा डालते हैं। अब वे सड़कों पर ‘मॉक पार्लियामेंट’ चला रहे हैं। इससे बड़ी नौटंकी नहीं हो सकती।

भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने कहा कि इंडिया गठबंधन को भारत की जनता ने नकार दिया है। संसद में उन्हें बहुत कम सीटें मिली हैं, जिस वजह से वे सड़क पर हैं। उन्हें किसी भी संवैधानिक संस्था पर विश्वास नहीं है और न ही किसी पर भरोसा है। इसी वजह से वे आए दिन देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में जो जिम्मेदारियां निभानी चाहिए, वे उन्हें निभाने के बजाय आम लोगों की तरह छोटी-मोटी राजनीति कर रहे हैं। उनका व्यवहार एक छुटभैया नेता की तरह है।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि मैं 20 लाख वोटरों का प्रतिनिधित्व करता हूं, कोई ऐसा एक व्यक्ति नहीं मिलेगा, जिसका वोट कटा हो।

दूसरी ओर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हम यहां जिस मकसद से बैठे हैं, उसका संदेश पूरे देश में जाना चाहिए, लोकतंत्र को लूटा जा रहा है, और हम इस संकट में घिरे लोकतंत्र की रक्षा के लिए यहां आए हैं।

उन्होंने कहा कि एक नवंबर को होने वाली रैली को लेकर लोगों में खुद से जुड़ने की स्वाभाविक इच्छा है। लोग बहुत बड़ी संख्या में आ रहे हैं। 1 तारीख को दिल्ली में एक बहुत सफल रैली होगी। इसका बस एक ही मकसद है, जो लोग लोकतंत्र चुराते हैं, हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे।

समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि देश करवट बदल रहा है, हम सभी इसके साक्षी है। हम इंडिया ब्लॉक का साथ दे रहे हैं। यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है और हम सभी साथ हैं।