SGSU Advertisement
Home राजनीति सिंहस्थ महाकुंभ 2027 का आगाज, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नासिक में किया...

सिंहस्थ महाकुंभ 2027 का आगाज, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नासिक में किया ध्वज पूजन

0
4

नासिक, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वजा पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुई। मुर्मु ने रामकुंड, नासिक में ध्वजस्तंभ और पवित्र ध्वज का पूजन एवं धर्मध्वजारोहण कर ‘नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ मेला 2027’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, मंत्री गिरीष महाजन, विभिन्न अखाड़ों के संत-महंत उपस्थित थे।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कुशावर्त तीर्थ, त्र्यंबकेश्वर में ‘नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ मेला 2027’ के ध्वजस्तंभ और पवित्र ध्वज का पूजन कर गोदा आरती की।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में ‘नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ मेला 2027’ के ध्वजस्तंभ और ध्वज पूजन एवं ध्वजारोहण समारोह का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह आयोजन हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रतीक है।

उन्होंने नासिक-त्र्यम्बकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ मेला को सनातन परंपरा का एक भव्य उत्सव बताया। त्र्यम्बकेश्वर की पावन भूमि पर गोदा घाट में पवित्र ध्वज स्तंभ की पूजा संपन्न हुई। पवित्र मंत्रों के गुंजायमान स्वरों और भक्तों के हृदय में उमड़ती श्रद्धा के बीच नासिक का गोदा घाट दिव्य ऊर्जा से जीवंत हो उठा-यह एक अत्यंत आध्यात्मिक महत्व का क्षण था। गोदा घाट पर आयोजित यह महाकुंभ, सनातन परंपराओं, आस्था और मोक्ष की प्राप्ति के मार्ग पर चलने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं को एक साथ लाता है। यह धर्मध्वज अनगिनत भक्तों के मन में श्रद्धा का संचार करे। भगवान श्री त्र्यम्बकेश्वर महादेव से सभी के कल्याण और इस महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए प्रार्थना की।

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नासिक-त्र्यम्बकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के अवसर पर, त्र्यम्बकेश्वर के कुशावर्त में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों द्वारा कुंभ मेले के ध्वज स्तंभ का पूजन किया गया। इस अवसर पर हम भी वहां उपस्थित थे और इस आध्यात्मिक व मंगलमय उत्सव के आनंद में शामिल हुए। इस मौके पर राष्ट्रपति के हाथों मंत्रोच्चार के साथ ध्वज-स्तंभ का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद आरती संपन्न हुई और इस आध्यात्मिक उत्सव का शुभ आरंभ हुआ।

डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने लिखा कि आज हमें एक ऐसे पल का अनुभव करने का सौभाग्य मिला, जो नासिक की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपराओं को उजागर करता है। गोदावरी के पवित्र तट पर स्थित रामकुंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों द्वारा ‘नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ मेला 2027’ के लिए धार्मिक ध्वज का पूजन और ध्वजारोहण अत्यंत श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में शामिल होकर मैं नासिक की भूमि की आध्यात्मिक ऊर्जा, यहां की संत-परंपरा की विरासत और भक्तों के हृदय में बसी आस्था को बहुत करीब से महसूस कर सकी। इस पल ने मन को विशेष संतोष और आनंद से भर दिया।