Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध मॉस्को की वांटेड प्रेरणा की तलाश में झारखंड पुलिस अलर्ट, सीआईडी ने...

मॉस्को की वांटेड प्रेरणा की तलाश में झारखंड पुलिस अलर्ट, सीआईडी ने जिलों के अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट

0
13

रांची, 2 अगस्त (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े मामलों में रूस की राजधानी मॉस्को में वांटेड भारतीय युवती प्रेरणा कुमार की तलाश झारखंड में तेज कर दी गई है। केंद्रीय एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, प्रेरणा कुमार रांची की रहने वाली है और वह इन दिनों झारखंड में किसी ठिकाने पर छिपी हो सकती है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (एनसीबी), नई दिल्ली से प्राप्त इनपुट के आधार पर झारखंड सीआईडी ने रांची, जमशेदपुर और धनबाद समेत राज्य के सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर युवती के वर्तमान ठिकाने का सत्यापन करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

सीआईडी के पत्र में कहा गया है कि प्रेरणा कुमार कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में एनसीबी मॉस्को के लिए वांटेड है। दिल्ली स्थित एनसीबी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि संबंधित युवती 4 जुलाई 2026 को नेपाल से हवाई मार्ग के जरिए भारत पहुंची थी। इसके बाद उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए राज्यों की पुलिस एजेंसियों से सहयोग मांगा गया है।

सीआईडी ने जिला पुलिस अधिकारियों से कहा है कि यदि संबंधित महिला उनके क्षेत्र में रह रही हो अथवा उसके वर्तमान ठिकाने की जानकारी मिले तो उसका सत्यापन कर तत्काल रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि इसे इंटरपोल और एनसीबी, नई दिल्ली को अग्रसारित किया जा सके।

जानकारी के अनुसार, नेपाल स्थित एनसीबी के काठमांडू कार्यालय ने एनसीबी नई दिल्ली और एनसीबी मॉस्को को ई-मेल के जरिए सूचित किया था कि भारतीय नागरिक प्रेरणा कुमार चार जुलाई को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए रवाना हुई थी। इसके साथ इंटरपोल डिफ्यूजन नोटिस, पासपोर्ट की प्रति और बोर्डिंग पास भी साझा किया गया था। इसी इनपुट के आधार पर एनसीबी नई दिल्ली ने झारखंड सीआईडी से रांची स्थित उसके पते का सत्यापन कराने का अनुरोध किया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कार्रवाई इंटरपोल के डिफ्यूजन नोटिस के तहत की जा रही है। डिफ्यूजन नोटिस किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने का दस्तावेज नहीं होता, बल्कि सदस्य देशों के बीच जांच संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान और संबंधित व्यक्ति का पता लगाने की प्रक्रिया का हिस्सा होता है।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय खुफिया एजेंसियां और राज्य पुलिस युवती के संभावित ठिकानों, स्थानीय संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ दावों और वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है और जांच जारी है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एसके