पुणे, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवी मुंबई से दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। दरअसल, नवी मुंबई के रबाले एमआईडीसी क्षेत्र के यादवनगर में पुराने विवाद को लेकर एक युवक की चाकू से वार कर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है।
इस घटना में दिवाकर यादव नामक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दिवाकर यादव और योगेश जयसवाल कई वर्षों पहले एक साथ सामाजिक कार्यक्रम किया करते थे, जिसके बाद दिवाकर का एरिया में ज्यादा नाम हो गया, जिसको लेकर दोनों की दोस्ती में आपस में जलन होने लगी।
वहीं, गुरुवार रात दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान दिवाकर यादव पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
दिवाकर के पिता की शिकायत के आधार पर रबाले एमआईडीसी पुलिस ने योगेश जयसवाल, कृष्णा सिंह और विवेक यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। उपचार पूरा होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा, ऐसी जानकारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवदास कठाले ने दी।
इस घटना के पीछे आर्थिक विवाद के साथ-साथ आपसी रंजिश की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, दिवाकर की तरक्की से आरोपी नाराज थे या इसी वजह से हत्या की गई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हत्या के एक दूसरे मामले में पुलिस कार्रवाई का उदाहरण शनिवार को उत्तर प्रदेश में देखने को मिला। फतेहपुर जिले में शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी कृष्णा तिवारी (19) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 1.41 लाख रुपए की नकदी बरामद की है।
