मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के पवई इलाके में एक एयरहोस्टेस के साथ कथित दुष्कर्म का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को किन्नर बताकर पीड़िता का भरोसा जीता और फिर उसके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान अनिल शिंदे के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर ठाणे के कलवा इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 अगस्त की है। आरोपी कथित तौर पर किन्नर के वेश में पवई स्थित एक आवासीय इमारत में पहुंचा। बताया गया कि मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक दिया था, लेकिन वह दूसरे गेट से इमारत में दाखिल होने में सफल रहा।
जांच के मुताबिक, आरोपी ने इमारत में कई फ्लैटों के दरवाजे खटखटाए। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर रहने वाली एक महिला ने दरवाजा खोला। आरोपी ने खुद को ऐसा व्यक्ति बताया जो बुरी नजर उतार सकता है और महिला के बीमार पति को ठीक करने में मदद कर सकता है। महिला का पति अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस का कहना है कि महिला आरोपी की बातों में आ गई और उसे घर के अंदर आने की अनुमति दे दी। आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद आरोपी ने महिला को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह महिला से 200 रुपए लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घर में प्रवेश करने के बाद उस पर पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखा। बाद में उसने कथित तौर पर अपराध को अंजाम दिया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना के बाद रात करीब 11 बजे महिला ने पवई पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी साड़ी पहने हुए ऑटो रिक्शा से ठाणे के खारेगांव क्षेत्र की ओर जाता दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज और ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस चालक तक पहुंची और आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कलवा इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का परिवार किन्नर और भिखारी बनकर भीख मांगने के काम से जुड़ा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरीके से पहले भी किसी अन्य महिला को निशाना बनाया था।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 24 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

