SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई में छठ पूजा के लिए 15 और 16 नवंबर को चलेंगी...

मुंबई में छठ पूजा के लिए 15 और 16 नवंबर को चलेंगी अतिरिक्त बसें

0
2

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा मनाने के लिए समुद्र तटों, झीलों और तालाबों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) ने एक विशेष योजना बनाई है। इसके तहत 15 और 16 नवंबर को जुहू बीच, दादर चौपाटी, पवई और गोराई क्रीक जैसी प्रमुख जगहों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

रविवार शाम को दोपहर 2 बजे से 15 अतिरिक्त बसें चलेंगी। ये बसें रूट नंबर 231, 203, 339, ए-256 और A-203 पर चलेंगी, जो सांताक्रूज, अंधेरी, मालवानी, बोरीवली और जुहू जैसे इलाकों को जोड़ती हैं। सोमवार सुबह 6 बजे से 7:30 बजे के बीच, रूट ए-203, 231 और 203 पर 6-7 अतिरिक्त बसें चलेंगी, जो श्रद्धालुओं को जुहू बीच और जुहू बस स्टेशन से वापस लाने का काम करेंगी।

डिपो मैनेजरों को निर्देश दिया गया है कि वे बैकबे, वर्ली, सांताक्रूज, ओशिवारा, मालवानी, गोराई, दिंडोशी, विक्रोली और मुलुंड जैसे इलाकों में समुद्र तटों, चौपाटियों, तालाबों और झीलों के पास अपने अधिकारियों और निरीक्षकों को तैनात करें। छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क, जुहू बीच और जुहू बस स्टेशन से होकर गुजरने वाले रूटों पर बसें पूरी क्षमता के साथ चलेंगी।

रविवार दोपहर से सोमवार सुबह 8 बजे तक जुहू बीच पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी, जिसमें एक सुरक्षा अधिकारी, एक हवलदार और दो गार्ड शामिल होंगे। रविवार दोपहर 3 बजे से बीच पर एक ब्रेकडाउन वैन भी तैयार रखी जाएगी। इसके अलावा, यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए जुहू बीच, जुहू बस स्टेशन और सांताक्रूज वेस्ट स्टेशन पर निरीक्षकों को तैनात किया जाएगा।

बेस्ट ने ने कहा है कि यात्रियों की मांग को देखते हुए और भी अतिरिक्त बसें चलाई जा सकती हैं। डिपो प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि वे 20 नवंबर तक बसों के संचालन, ट्रिप, कमाई, यात्रियों की संख्या और रूट-वार प्रदर्शन के बारे में अपना फीडबैक योजना विभाग को सौंप दें।