SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी के फोन टैंपिग को एनडीए ने बताया बेबुनियाद, कहा-‘पहले भी...

राहुल गांधी के फोन टैंपिग को एनडीए ने बताया बेबुनियाद, कहा-‘पहले भी नहीं दे पाए थे सबूत’

0
3

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा फोन टैपिंग को लेकर लगाए गए आरोपों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना नेता शायना एनसी ने राहुल गांधी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को हर मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेने के बजाय अपनी राजनीति और विजन पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, बिहार के बेतिया में भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने भी राहुल गांधी के फोन टैपिंग संबंधी आरोपों को पुराना मुद्दा बताते हुए उन पर निशाना साधा।

शिवसेना नेता शायना एनसी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राहुल गांधी का फोन क्यों टैप करवाएंगे? क्या राहुल गांधी कोई सीक्रेट एजेंट हैं या उनके पास ऐसी कोई गोपनीय जानकारी है, जिसके लिए उनका फोन टैप करने की जरूरत पड़ेगी?

उन्होंने कहा, “अगर आप आरोप लगाना चाहते हैं, तो आपको मोदी फोबिया से बाहर आना होगा। तभी आप चीजों को समझ पाएंगे। आपके पास न कोई विजन है और न ही कोई योजना। आपने सुबह-शाम इतनी बार मोदी का नाम लिया है कि उन्हें एक विलेन की तरह पेश कर दिया है जबकि वास्तव में वह एक हीरो हैं। आपको अपने राजनीतिक आरोपों के लिए किसी और को विलेन के रूप में तलाशना चाहिए।”

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने भी राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह मुद्दा हर 10 साल में एक बार याद आता है। करीब 10 साल पहले भी उन्होंने इसी तरह के आरोप लगाए थे। जायसवाल ने कहा कि उस समय संसद में राहुल गांधी को अपना फोन देने के लिए कहा गया था और सरकार ने फोन की फॉरेंसिक जांच कराने की पेशकश भी की थी। हालांकि, इसके बाद राहुल गांधी इस मुद्दे पर दोबारा सामने नहीं आए।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अफवाहों के आधार पर राजनीति करना चाहते हैं, जबकि राजनीति जमीनी हकीकत और ठोस मुद्दों पर आधारित होनी चाहिए। राहुल गांधी आज भी वही बातें दोहरा रहे हैं, जो उन्होंने करीब एक दशक पहले कही थीं। सांसद संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार आएंगे और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे।

संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे हमेशा राज्य के लिए कुछ न कुछ अच्छा लेकर आते हैं। यह पुल बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने पुराने राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें वह समय याद है, जब राघोपुर के लोग तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पास पुल निर्माण की मांग लेकर गए थे। उस समय लालू यादव ने पुल बनाने से इनकार कर दिया था। लालू यादव ने कहा था कि पुल बनने से पुलिस की आवाजाही बढ़ेगी और अवैध कारोबार चलाने में परेशानी होगी।

उन्होंने कहा कि वह लालू यादव का दौर था जबकि बाद में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को गति मिली। प्रधानमंत्री मोदी का सहयोग भी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण रहा है।