रांची, 27 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से जुड़े पॉक्सो मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले में झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
आयोग ने यह कार्रवाई मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत दर्ज शिकायत पर की है। शिकायत में नाबालिग से जुड़े पॉक्सो मामले की जांच, स्थानीय समाचार संगठन के कार्यालय में पुलिस छापेमारी, पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती और नाबालिग से संबंधित आरोपों के आधार पर पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए गए थे।
शिकायत में पूरे घटनाक्रम की जांच और संबंधित कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बाद आयोग की पीठ ने मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के संबंधित अधिकारियों से आरोपों की जांच कर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा है।
आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि वे शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें। आयोग रिपोर्ट की समीक्षा करेगा।
इस मामले में आयोग की कार्यवाही की प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी सूचना के लिए भेजी गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का संज्ञान ऐसे समय में आया है, जब झारखंड में नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग के बाद पत्रकार की गिरफ्तारी, समाचार संगठन के कार्यालय में कथित छापेमारी और उपकरणों की जब्ती को लेकर पत्रकार संगठनों ने चिंता जताई है।
आयोग के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को शिकायत में उठाए गए आरोपों की जांच कर निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी होगी।










