एनसीआर में एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 23 अप्रैल तक पारा 40 डिग्री के पार

0
4

नोएडा, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली समेत संपूर्ण एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, हालांकि किसी भी प्रकार की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

वहीं, तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहेगा, जबकि ह्यूमिडिटी 75 से 25 प्रतिशत के बीच रहेगी। 19 अप्रैल को पारा 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, वहीं 20 अप्रैल को फिर 40 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहेगा।

21, 22 और 23 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। ह्यूमिडिटी 65 से 75 प्रतिशत के बीच उतार-चढ़ाव करेगी। अगले तीन दिनों तक मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि तेज हवाओं और हल्की बारिश से वायु गुणवत्ता सूचकांक में आंशिक सुधार आया है, लेकिन अभी भी स्थिति पूरी तरह बेहतर नहीं हुई है।

दिल्ली के विभिन्न इलाकों के आंकड़े बताते हैं कि हवा सेहत के लिए हानिकारक बनी हुई है। आनंद विहार: 260 (खराब), अलीपुर: 236, सीआरआरआई मथुरा रोड: 211, अशोक विहार: 203 और बवाना: 196 एक्यूआई दर्ज किया गया है। वहीं, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रों में हालात और भी गंभीर हैं। लोनी: 244, वेद विहार-लोनी: 228, इंदिरापुरम: 213, वसुंधरा: 206, नॉलेज पार्क- III, ग्रेटर नोएडा: 198 और नॉलेज पार्क- V, ग्रेटर नोएडा: 235 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

फिलहाल, तेज गर्मी और बढ़ते प्रदूषण के बीच एनसीआर के लोगों को राहत की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस