पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के केबल-स्टे ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए नेताओं ने इसे बिहार के विकास के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया।
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि उनके संसदीय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम शानदार रहा। प्रधानमंत्री ने यहां आकर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया। इस दौरान उन्होंने उनके पिता रामविलास पासवान को भी याद किया। चिराग ने कहा कि उन्होंने भी अपने पिता को याद किया। उन्होंने कहा कि राघोपुर की जनता लंबे समय से इस सेतु की मांग कर रही थी। यह ऐसा क्षेत्र है, जो अक्सर बाढ़ और जलजमाव से प्रभावित रहता था। इसके कारण बड़ी आबादी मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाती थी। सेतु के निर्माण से इस समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाएं बिहार और बिहारियों को समर्पित की हैं। ये परियोजनाएं विकसित भारत के निर्माण में विकसित बिहार को मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के तुरंत बाद और विपरीत मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कितना प्यार करते हैं।
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राजापाकर की धरती पर प्रधानमंत्री के अभिनंदन और स्वागत के लिए ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। उन्होंने कहा कि इतनी अभूतपूर्व भीड़, युवाओं का उत्साह और प्रधानमंत्री का संबोधन कार्यक्रम को यादगार बनाने वाला रहा। लाखों लोगों ने उत्साह और उल्लास के साथ पहुंचकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
इधर, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में उनके पिता नीतीश कुमार के विजन, मार्गदर्शन और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया है। यह उनके पिता के विकास संबंधी सोच को सम्मान देने का अवसर भी रहा।
–आईएएनएस
एमएनपी/एमएस









