नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए 16 जून से सीधी उड़ान

0
7

ग्रेटर नोएडा, 11 मई (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। देश की एयरलाइंस कंपनी अकसा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी नियमित उड़ान सेवाएं शुरू करने की औपचारिक घोषणा की है।

एयरलाइन 16 जून से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए प्रतिदिन सीधी उड़ानें संचालित करेगी। इसके साथ ही अकासा एयर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सेवाएं शुरू करने वाली शुरुआती एयरलाइनों में शामिल हो जाएगी। माना जा रहा है कि यह कदम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की एयर कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा और यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगा।

एयरलाइन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली ये सभी उड़ानें नॉन-स्टॉप होंगी और रोजाना संचालित की जाएंगी। इससे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को देश के दो बड़े आर्थिक और कारोबारी केंद्रों बेंगलुरु और नवी मुंबई तक सीधा हवाई संपर्क मिलेगा। खास बात यह है कि यात्रियों के लिए फ्लाइट बुकिंग की सुविधा अकासा एयर की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर शुरू कर दी गई है।

अकासा एयर के सह-संस्थापक और चीफ कमर्शियल ऑफिसर आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि भारत का एविएशन सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है और ऐसे समय में आधुनिक एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। अत्याधुनिक सुविधाओं और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में एनसीआर की हवाई सेवाओं को नई दिशा देगा। साथ ही यह एयरपोर्ट यात्रियों के लिए सुविधाजनक और तेज यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेगा।

एयरलाइन द्वारा जारी फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार, फ्लाइट संख्या क्‍यूपी 1575 बेंगलुरु से शाम 4:25 बजे रवाना होकर शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंचेगी। वहीं फ्लाइट संख्या क्‍यूपी 1576 नोएडा से शाम 7:55 बजे उड़ान भरकर रात 11:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।

इसके अलावा फ्लाइट संख्या क्‍यूपी 2017 नवी मुंबई से सुबह 7:25 बजे रवाना होकर सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंचेगी, जबकि फ्लाइट संख्या क्‍यूपी 2018 नोएडा से सुबह 10:15 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। इससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव भी कम होगा और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन तथा निवेश को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

नोएडा एयरपोर्ट को देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट्स में शामिल किया जा रहा है और यहां से भविष्य में कई अन्य घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की भी उम्मीद जताई जा रही है।